पूर्वांचल ब्यूरो /अनुपम श्रीवास्तव
चितईपुर थाना क्षेत्र के करौंदी के मलियान बस्ती में रविवार देर रात मनबढ़ बदमाशों ने घर के निकट स्कूटी पर बैठकर बात कर रहीं दो महिलाओं सुनीता और रीता को गोली मार दी।
वारदात के बाद पैदल ही बाद भाग निकले। रीता के दाएं बांह में जबकि सुनीता की पीठ में गोली लगी। सुनीता का आरोप है कि उसका मंगलसूत्र भी छीन लिया गया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी रिजवान बेग ने दोनों को बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजवाया। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। आशंका है कि मछली की दुकान लगाने का विवाद कारण बना।
सुनीता और रीता घर के पास स्कूटी पर बैठकर आपस में बात कर रही थीं। तभी दो युवक पहुंचे और बिना कुछ बोले पीछे से दोनों पर गोली चला दी। गोली चलते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग जब तक पहुंचते, दोनों भाग निकले। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक बस्ती के दो परिवार के लोग चितईपुर चौराहे के निकट मछली की दुकान लगाते हैं। घायल सुनीता ने बताया कि बीते दिनों दुकान लगाने को लेकर पड़ोस के गोपाल के घर की महिलाओं से विवाद हुआ था। उसने जान से मारने की धमकी दी थी। डीसीपी काशी जोन अमित कुमार ने बताया कि घायल रीता ने गोली मारने वाले युवकों में मुहल्ले के मोहन को पहचान लिया था। उसके भाई से पूछताछ की जा रही है। दूसरे युवक की जानकारी ली जा रही है। सभी रिश्तेदार हैं। दुकान लगाने को लेकर विवाद था।