
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
सह संपादक – डॉ. संजीव कुमारी दूरभाष – 94161 91877
बोले, मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा विश्वविद्यालय के विकास की दिशा में होगा महत्वपूर्ण कदम।
कुरुक्षेत्र,6 जून : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय आगमन पर कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति से विश्वविद्यालय परिवार को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली है। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय में लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित परीक्षा एवं बहुउद्देशीय सभागार का लोकार्पण किया तथा करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले महिला छात्रावास का शिलान्यास किया।
कुलपति ने कहा कि कुलगीत विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपराओं, मूल्यों और उद्देश्यों का प्रतीक है। यह विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों में संस्थान के प्रति आत्मीयता, समर्पण और गौरव की भावना को और सुदृढ़ करेगा।
कुलपति ने कहा कि मुख्यमंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है। आयुष विश्वविद्यालय मुख्यमंत्री के आह्वान पर इस अभियान को जन- आंदोलन बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएगा। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को भावनात्मक रूप से प्रकृति से जोड़ने का कार्य करेगा।
प्रो. धीमान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है तथा हरियाणा सरकार के प्रयासों से प्रदेश में योग जन-आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय द्वारा आमजन को योग के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय का उद्देश्य योग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ, संतुलित और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कुलसचिव डॉ. कृष्ण कांत गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में आगमन विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव और प्रेरणा का अवसर रहा। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन से आयुष शिक्षा, शोध एवं स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी तथा विश्वविद्यालय के विकास को और गति प्राप्त होगी।
विश्वविद्यालय परिसर के विकास को मिलेगी नई गति।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा गांव फतुहपुर में प्रस्तावित श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की घोषणा पर कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह घोषणा विश्वविद्यालय के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्थायी परिसर विकसित होने से आधुनिक शैक्षणिक एवं शोध सुविधाओं का विस्तार होगा तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा। कुलपति ने कहा कि मुख्यमंत्री का विश्वविद्यालय के प्रति विशेष सहयोग और सकारात्मक दृष्टिकोण आयुष शिक्षा, अनुसंधान एवं स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।
विद्यार्थियों ने जताया आभार।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा बीएएमएस विद्यार्थियों की लंबे समय से लंबित इंटर्नशिप भत्ता बढ़ाने की मांग को पूरा करने की घोषणा के बाद छात्रों में खुशी का माहौल है। विद्यार्थियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, आयुष विभाग के महानिदेशक आईएएस संजीव वर्मा, श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान तथा कुलसचिव डॉ. कृष्ण कांत गुप्ता का आभार व्यक्त किया। छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनकी मांग को गंभीरता से सरकार के समक्ष रखा, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बढ़े हुए इंटर्नशिप भत्ते से विद्यार्थियों को आर्थिक संबल मिलेगा और वे अधिक समर्पण के साथ अपनी प्रशिक्षण अवधि पूरी कर सकेंगे।


