
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 22 अप्रैल : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा द्वारा जैन कॉलेज के संगीत विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. हेमंत कपिल की नवीन पुस्तक “भारतीय संगीत के महान साधक” का विमोचन किया गया।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा को संरक्षित और आगे बढ़ाने में इस प्रकार की पुस्तकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने डॉ. हेमंत कपिल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह कृति संगीत प्रेमियों और शोधार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
डॉ. हेमंत कपिल एक प्रख्यात एवं समर्पित संगीत साधक हैं। इससे पूर्व उनकी रचित पुस्तकें “भारतीय कंठ संगीत”, “भारतीय संगीत में गायन का विकास” तथा “भारतीय संगीत में वायलिन का बहुआयामी प्रयोग” भी अकादमिक जगत में विशेष सराहना प्राप्त कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी नई पुस्तक “भारतीय संगीत के महान साधक” भारतीय संगीत के महान कलाकारों और साधकों को समर्पित एक महत्वपूर्ण कृति है, जो संगीत की परंपरा, साधना और विकास को गहराई से प्रस्तुत करती है।


