फिरोजपुर मंडल में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मनाया जा रहा है “सतर्कता जागरूकता सप्ताह”
फिरोजपुर 27 {कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता}:-
फिरोजपुर मंडल में सतर्कता के संबंध में जागरूकता फैलाने हेतु दिनांक 26 अक्टूबर 2021 से 01 नवम्बर 2021 तक “सतर्कता जागरूकता सप्ताह” मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज दूसरे दिन मंडल कार्यालय के सभागार में “नैतिकता एवं सत्यनिष्ठा” विषय पर एक ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती सीमा शर्मा ने की। इस कार्यशाला में मंडल कार्यालय में कार्यरत समस्त अधिकारी सभागार में तथा अन्य जगहों पर कार्यरत अधिकारी एवं पर्यवेक्षक ऑनलाइन सम्मिलित हुए। मंडल रेल प्रबंधक ने अनेक उदहारण देकर सरकारी संस्थानों में कार्यरत कर्मी किस तरह सत्यनिष्ठा एवं नैतिकता का पालन करके अपने कार्यशैली में निपुणता ला सकते है एवं कार्य के दौरान दुविधा की स्थिति उत्पन्न होने पर क्या उचित निर्णय लेना चाहिए, इसके बारे में भी विस्तारपुर्वक जानकारी दी। मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि संगठन की उन्नति हेतु कर्मचारी में ईमानदारी, सही-गलत का ज्ञान, जवाबदेही, विश्वनीयता, पारदर्शिता आदि का गुण होना चाहिए साथ ही द्वितीय प्रशासनिक सुधार आयोग (10वीं रिपोर्ट) के अनुसार कर्मचारी में संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता के अतिरिक्त निष्पक्षता, सहानुभूति, सत्यनिष्ठा आदि गुण होना चाहिए। उन्होंने बताया कि रेल यात्रियों की सुखद यात्रा अनुभूति के लिए रेलकर्मियों को हरसंभव अनुकूल प्रयास करनी चाहिए।
मंडल कार्यालय के प्रांगण में भ्रष्टाचार उन्मूलन विषय पर एक नुक्किड़ नाटक का भी आयोजन किया गया जिसे मंडल रेल प्रबंधक के साथ-साथ वहाँ उपस्थित सभी दर्शकों ने सराहा। मंडल रेल प्रबंधक ने नाटक मंडली को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें 5000 रूपये देकर पुरुस्कृत किया।