
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने महिला मैराथन को हरी झंडी देकर किया रवाना।
आयोग की चेयरमैन रेणू भाटिया ने बाइक, सुगंधा सुधा ने स्कूटी और अन्य महिलाओं ने ट्रैक्टर चलाकर दिया समाज को सशक्तिकरण का संदेश।
सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर किया सम्मानित। हरियाणा राज्य महिला आयोग की तरफ से आयोजित महिला मैराथन में बेटियों में नजर आया उत्साह और जोश।
थानेसर,(प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी) 8 मार्च : गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिला को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। इस देश में नारी को सम्मान की नजर से देखा जाता है और पूजा की जाती है। इतना ही नहीं वेदों में यह भी उल्लेख है कि जहां नारी की पूजा की जाती है वहीं देवताओं का वास होता है। इसी लक्ष्य को लेकर सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार योजनाओं को अमलीजामा पहना रही है।
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज रविवार को द्रोणाचार्य स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हरियाणा राज्य महिला आयोग की तरफ से आयोजित महिला मैराथन कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरमैन रेणू भाटिया,आयोग की सदस्य सचिव आईएएस अधिकारी मोनिका मलिक, भाजपा के जिला अध्यक्ष तिजेन्द्र सिंह गोल्डी,डीएमसी अमन कुमार, भाजपा नेत्री सुगंधा सुधा ने दीपशिखा प्रज्ज्वलित करके विधिवत रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके उपरांत गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने महिला मैराथन को हरी झंडी देकर रवाना किया।
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने आयोग की तरफ से सुगंधा सुधा, सगुन, नीतिका, नीरू सैनी, प्रीति रानी, राजवंती, राजरानी, भतेरी देवी, सुनीता देवी, कविता देवी, सोनिया, निर्मला,अनुपम व डा. मोनिका भारद्वाज को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस महिला मैराथन में महिलाओं के सशक्त होने का संदेश देने के लिए आयोग की अध्यक्षा रेणू भाटिया ने स्वयं मैराथन में बाइक चलाई, भाजपा नेत्री सुगंधा सुधा ने स्कूटी तथा अन्य महिलाओं ने ट्रैक्टर चलाया। इस महिला मैराथन में सैकड़ों बेटियों, अलग- अलग क्षेत्र में उल्लेखनीय महिलाओं और बुर्जुग महिलाओं ने भी भाग लिया।
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों को धारण करने के बाद ओलम्पियन मनु भाकर ने देश के लिए 2 मेडल जीतकर हरियाणा प्रदेश का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया। आज बेटियों को पवित्र ग्रंथ गीता के कर्मयोग, भक्तियोग और ज्ञान योग के मार्ग पर चलने की जरूरत है। इस पवित्र ग्रंथ के उपदेशों से बेटियों को आत्म विश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। इससे बेटियां अपने क्षेत्र में अपने मुकाम को हासिल करेंगी और देश की तरक्की में अपना योगदान दे सकेंगी।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरमैन रेणू भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पानीपत की पावन धरा से ही बेटी पढाओ बेटी बचाओ के राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ किया था और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार ने बेटियों को शिक्षित करने के लिए जगह-जगह राजकीय कॉलेज खोलने का काम किया। इसके अलावा बेटियों और महिलाओं के मान सम्मान के लिए लखपति दीदी, उज्ज्वला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना जैसी अनेकों योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को मान-सम्मान देने के साथ-साथ उत्साहवर्धन के लिए सरकार और प्रशासन के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ-साथ महिलाओं को शिक्षित होने का संदेश भी दिया जा रहा है।
जिला स्तरीय कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि भाजपा नेत्री सुगंधा सुधा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है, चाहे खेल का मैदान हो या फिर देश की सीमाओं की रखा करने का विषय हो, महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में अग्रणी होकर कार्य कर रही है। भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्षा परमजीत कौर कश्यप ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को पूरे प्रदेश और देश में मनाया जा रहा है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से महिलाओं का जहां मान सम्मान बढ़ता है वहीं महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा भी मिलती है।
इस कार्यक्रम में भाजपा नेत्री अन्नु माल्यान, लोको पायलट अंजलि, बाईक इंस्ट्रक्टर नीरू सैनी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। आयोग की सदस्य सचिव मोनिका मलिक ने मेहमानों का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम के मंच का संचालन डा.मोनिका भारद्वाज ने किया। इस मौके पर डीएसपी सुनील कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार, साई के सीनियर प्रशिक्षक कुलदीप सिंह वड़ैच सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।


