एसवीएसयू में मल्टीफ़िजिक्स पर हुई कार्यशाला

पलवल, (प्रमोद कौशिक) 21 फरवरी : श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के इंडस्ट्री 4.0 डिपार्टमेंट द्वारा मल्टीफिजिक्स सिमुलेशन के माध्यम से अनुसंधान एवं शिक्षा को आगे बढ़ाने पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कार्यशाला का उद्घाटन किया और मल्टीफिजिक्स पर अनुसंधान को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों को डिजाइन इंजीनियर, सिमुलेशन इंजीनियर और फैब्रिकेशन इंजीनियर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि बी. टेक इन इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (वीएलएसआई डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी) तथा पीजी डिप्लोमा इन सेमीकंडक्टर डिवाइस पैकेजिंग के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
विभागाध्यक्ष प्रोफेसर कुलवंत सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने तकनीकी शिक्षा एवं अनुसंधान को आगे बढ़ाने में इंडस्ट्री-अकादमिक मजबूत सहयोग की अहमियत पर जोर दिया।
वर्कशॉप में चार प्रतिष्ठित वक्ताओं ने भाग लिया, जो अग्रणी डिजाइन एवं सिमुलेशन संगठनों। अरूप इंडिया एवं एंसीस से थे। सत्रों में डिजाइन एवं मल्टीफिजिक्स सिमुलेशन को विस्तार से कवर किया गया। इनके सिविल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, बायोमेडिकल इंजीनियरिंग तथा उभरते क्षेत्रों जैसे एआई, रोबोटिक्स और ड्रोन टेक्नोलॉजी में अनुप्रयोगों पर प्रकाश डाला गया।
पहला सत्र अर्पित नामदेव, रीजनल मैनेजर, अरूप इंडिया ने दिया, जिसमें क्रैश एवं हाई-इम्पैक्ट सिमुलेशन के उन्नत टूल्स पर चर्चा हुई। दूसरा सत्र मनीष , एकेडमिक प्रोग्राम लीड, एंसीस ने संचालित किया,जिसमें एप्लिकेशन-स्पेसिफिक डिजाइन टूल्स एवं इंजीनियरिंग डिजाइन में फिजिक्स के एकीकरण पर फोकस रहा।
तीसरा सत्र अभिमन्यु सिंह, टेक्निकल लीडर एकेडमिक्स, एंसीस ने संभाला, जिसमें फिजिकल प्रोटोटाइपिंग से पहले सिमुलेशन- बेस्ड डिजाइन की अहमियत बताई गई। चौथा सत्र डॉ. चंदन कुमार, एप्लिकेशन इंजीनियर (इलेक्ट्रॉनिक्स), अरूप इंडिया ने प्रस्तुत किया, जिसमें इलेक्ट्रिक व्हीकल सिमुलेशन दिखाए गए और वास्तविक उत्पाद विकास से पहले वर्चुअल रूप से परफॉर्मेंस का विश्लेषण कैसे किया जा सकता है, यह समझाया।
छात्र आयुष आर्य और श्रुति वशिष्ठ ने मंच संचालन किया। वर्कशॉप कोऑर्डिनेटर डॉ. मनीष कुमार एवं श्री संशबीर डागर ने छात्रों को इन कंपनियों द्वारा ऑफर किए जा रहे इनोवेशन-ओरिएंटेड कोर्स में नामांकन के लिए प्रेरित किया।
इस वर्कशॉप में डॉ. सज्जन वाही, डॉ. मीनाक्षी अग्रवाल, डॉ. नितिन मित्तल, दीप्ति सिंह, पूनम पांडेय, ज्योति, डॉ. हिमानी वर्ष्णेय, पंकज सोनी, सुनील कुमार, डॉ. संतोष सहित कई अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थियों शामिल थे।
कार्यक्रम का समापन डॉ. मनीष कुमार द्वारा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।
अतिथियों का सम्मान करते प्रोफ़ेसर कुलवंत सिंह।




