
कुरुक्षेत्र,प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 14 जुलाई : विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस के उपलक्ष्य में आदेश मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मोहड़ी में आयोजित प्लास्टिक एवं कॉस्मेटिक सर्जरी विशेष शिविर के दूसरे दिन 65 से अधिक मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर शिविर का लाभ उठाया। शिविर में प्लास्टिक एवं रीकंस्ट्रक्टिव सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. अरमान खोसा गिल और डॉ. विनय ने मरीजों की जांच कर उन्हें उनकी बीमारी के अनुसार उपचार और आवश्यक सलाह दी।
डॉ. अरमान खोसा गिल ने बताया कि विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस के अवसर पर आयोजित यह विशेष शिविर 18 जुलाई तक चलेगा। शिविर के दौरान प्लास्टिक एवं कॉस्मेटिक सर्जरी से संबंधित मरीजों को परामर्श के साथ-साथ उपचार पर विशेष रियायत भी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीज इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि आमतौर पर लोग प्लास्टिक सर्जरी को केवल सुंदरता बढ़ाने से जोड़कर देखते हैं, जबकि यह चिकित्सा क्षेत्र की एक अत्यंत महत्वपूर्ण शाखा है। प्लास्टिक एवं रीकंस्ट्रक्टिव सर्जरी के माध्यम से जन्मजात विकृतियों, कटे-फटे अंगों, दुर्घटनाओं में हुए गंभीर घावों, जलने से प्रभावित मरीजों, चेहरे एवं हाथ-पैर की विकृतियों तथा अन्य जटिल समस्याओं का सफल उपचार संभव है। यदि किसी बच्चे को जन्म से होंठ या तालू फटा होना, हाथ-पैर की विकृति या अन्य जन्मजात समस्या है, तो ऐसे बच्चों की जांच एवं उपचार इस शिविर में किया जा है। डॉ. अरमान खोसा गिल ने बताया कि आदेश अस्पताल का प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न विभाग आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है। यहां अनुभवी विशेषज्ञों की टीम मरीजों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध करा रही है। विभाग में जटिल रीकंस्ट्रक्टिव सर्जरी, कॉस्मेटिक प्रक्रियाएं, माइक्रो सर्जरी, ट्रॉमा रिकंस्ट्रक्शन और बर्न मरीजों के समग्र उपचार की सुविधाएं उपलब्ध हैं। उपचार के दौरान मरीजों की कार्यक्षमता बहाल करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान अस्पताल में 352 रीकंस्ट्रक्टिव सर्जरी, 214 कॉस्मेटिक सर्जरी तथा 52 बर्न मरीजों का सफल उपचार किया गया है। इसके अलावा विभाग में 2,158 से अधिक मरीजों की ओपीडी की जा चुकी है। अस्पताल की ओर से सहारनपुर में भी आउटरीच ओपीडी संचालित की जा रही है।
डॉ. अरमान खोसा गिल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन मरीजों को प्लास्टिक, कॉस्मेटिक या बर्न से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या है, वे 18 जुलाई तक चल रहे इस विशेष शिविर का लाभ अवश्य उठाएं क्योंकि इस शिविर में खर्चे में आधी दरों की छूट दी जा रही है।
उन्होंने ने कहा कि समय पर विशेषज्ञ उपचार मिलने से जटिल समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव होता है इसलिए किसी को इस प्रकार की समस्या हो तो उपचार अवश्य लेना चाहिये।
जानकारी देती डॉ. अरमान खोसा गिल।


