
माता गायत्री की पूजा एवं महायज्ञ मानव कल्याण का सर्वश्रेष्ठ माध्यम : महामंडलेश्वर स्वामी विद्या गिरी
पिहोवा,प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 25 मई : श्री दक्षिण काली पीठ मॉडल टाउन जेपी कॉलोनी में महामंडलेश्वर 1008 स्वामी विद्यागिरी महाराज एवं श्रीमहंत बंसी पुरी महाराज के सानिध्य में सप्त दिवसीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन आज प्रायश्चित प्रयोग, पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश पूजन के साथ शुरू किया गया। जानकारी देते हुए पीठ के व्यवस्थापक स्वामी खटवांग पुरी ने बताया कि इस कार्यक्रम में आचार्य डॉ. अभिषेक कुश सहित अनेक ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोंचारण कर विधि विधान से पूजा अर्चना करवाई। जिसमें दूर दराज से संत महात्माओं एवं यजमानों भाग लिया। कल 26 मई से पूजन प्रारंभ के साथ गायत्री महायज्ञ आरम्भ होगा।महामंडलेश्वर 1008 स्वामी विद्यागिरी महाराज व श्री महंत बंसी पुरी महाराज ने मंडप प्रवेश पूजन कर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि माता गायत्री की पूजा-अर्चना एवं महायज्ञ मानव कल्याण का सबसे श्रेष्ठ माध्यम हैं। भारतीय ऋषि-मुनियों द्वारा स्थापित यज्ञ परंपरा आज भी समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं,बल्कि जनकल्याण और विश्व शांति का संदेश देने वाला आध्यात्मिक अभियान है। यज्ञ से वातावरण में शुद्धता आती है और लोगों के मन में सेवा, त्याग एवं मानवता की भावना जागृत होती है।माता गायत्री को वेदों की जननी कहा गया है और उनकी आराधना से व्यक्ति को ज्ञान, बुद्धि और आध्यात्मिक शक्ति प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ती अशांति और नैतिक पतन को रोकने के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देना आवश्यक है। 31 मई सोमवार को सप्त दिवसीय गायत्री महायज्ञ का पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ समापन होगा। इस अवसर पर मां पीतांबरा पीठ बगलामुखी धाम के महंत भीमपुरी, स्वामी महेश पुरी, महंत लक्ष्मी नारायण पुरी, स्वामी धीरज पुरी, स्वामी लखन पुरी, स्वामी निर्भय गिरी, महंत जगन्नाथ पुरी, महंत सर्वेश्वरी गिरी, महंत सत्यानंद पुरी,स्वामी विजय पुरी,स्वामी माधव पुरी, स्वामी आशुतोष पुरी व विपिन काहड़ा, बलराम शर्मा, वीके जी,राजेश गोयल, बारु राम बंसल, सुशील गुप्ता सहित अनेक गण्यमान्य लोग मौजूद थे।


