जांजगीर-चांपा 02/12/2021/ जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर बुधवार 1 दिसम्बर को नवागढ़ विकासखण्ड के केरा एवं मिसदा धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण करते हुए केन्द्र में आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने के निर्देश दिए। केन्द्र में उन्होंने धान की तौल कराकर भी देखा। इस दौरान जनपद पंचायत सीईओ श्री मोहनीश देवांगन मौजूद रहे।
जिपं सीईओ ने बताया कि जिले में 1 दिसम्बर 2021 से धान खरीदी केन्द्रों के माध्यम से धान की खरीदी की जा रही है। इसके तहत ग्राम पंचायत केरा एवं ग्राम पंचायत मिसदा में धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केन्द्र में किसानों को बैठने के साथ ही छांव की पर्याप्त व्यवस्था रहे। किसानों के लिए साफ-स्वच्छ पानी की समुचित व्यवस्था बनाएं रखें। उन्होंने इस दौरान धान को तौलकर भी देखा। रजिस्टर में की जा रही एंट्री एवं बारदाना का भी जायजा लिया। धान को सुरक्षित स्थल पर रखवाने के निर्देश भी संबंधित केन्द्र प्रभारी को दिए।
शिवरीनारायण मानस प्रतियोगिता स्थल का लिया जायजा
जिपं सीईओ श्री ठाकुर ने शिवरीनारायण में राज्य स्तरीय मानस प्रतियोगिता 20 से 22 दिसम्बर को आयोजित होने वाले स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती लीना कोसम, एएसपी श्री संजय महादेवा आदि मौजूद रहे।