पारिवारिक आहार विविधता कार्यक्रम की सफलता को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित
अररिया
गर्भवती महिला व छोटे उम्र के बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन को लेकर जीविका द्वारा पारिवारिक आहार विविधता अभियान का संचालन किया जा रहा है। अभियान की सफलता को लेकर जिलास्तरीय कार्यशाला का आयोजन एसबीआई आरसीटी भवन में किया गया। उप विकास आयुक्त मनोज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में अभियान की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गयी। साथ ही इसके सफल क्रियान्वयन को लेकर जरूरी रणनीति पर विचार किया गया। कार्यक्रम में डीपीएम जीविका अनुराधा चंद्रा, जिला उद्योग महाप्रबंधक, जीविका के स्वास्थ्य व पोषण समन्वय अमित सागर, पीसीआई के विवेक कुमार सहित जीविका के सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक, प्रखंड स्तरीय कर्मी व स्वास्थ्य कैडर के सदस्य शामिल थे।
डीपीएम जीविका अनुराधा चंद्रा ने पारिवारिक आहार विविधता कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यशाला में जानकारी देते हुए जीविका के जिला स्वास्थ्य व पोषण समन्वय अमित सागर ने कहा कि पारिवारिक आहार विविधता कार्यक्रम का उद्देश्य जीविका समूह की महिलाओं को आहार विविधता के महत्व से अवगत कराया जाना है। इसके तहत आगामी 07 अप्रैल को प्रखंड स्तर पर कार्यशाला आयोजित की जायेगी। सर्वेक्षण कार्य की सफलता के लिये प्रखंड स्तर पर एमआरपी व पंचायत स्तर पर सीएनआरपी जिम्मेदार होंगे। ग्राम संगठन स्तर आगामी 08 अप्रैल को सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन प्रस्तावित है। वहीं 09 अप्रैल को व्यापक पैमाने में सहजन पौध रोपण करते हुए 10 से 20 अप्रैल के बीच में समूह की महिलाओं के बीच आहार प्रदर्शनी, 24 अप्रैल को आहार विविधता विषय पर आधारित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम आयोजित किये जाने की जानकारी उन्होंने दी।