![](https://vvnewsvaashvara.in/wp-content/uploads/2023/03/IMG-20230307-WA0042-1024x576.jpg)
![](https://vvnewsvaashvara.in/wp-content/uploads/2023/03/IMG-20230307-WA0041-1024x576.jpg)
फारबिसगंज में तीन दिवसीय अमृत महोत्सव फोटो प्रदर्शनी का एमपी ने किया शुभारंभ
अररिया
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, पटना तथा दरभंगा की ओर से शनिवार को फारबिसगंज के द्विजदेनी स्मारक उच्च विद्यालय मैदान में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी सह जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह,फारबिसगंज विधायक विद्यासागर केशरी,नगर परिषद की चेयरमैन वीणा देवी,केंद्रीय संचार ब्यूरो, पटना के कार्यालय प्रमुख सह क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी मनीष कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।आजादी का अमृत महोत्सव के तहत इस कार्यक्रम में
बघुआ ग्राम के निवासी राष्ट्रपति से सम्मानित 104 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी भृगुनाथ शर्मा को सम्मानित किया गया।
फ़ोटो प्रदर्शनी सह जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य आमजनों को फ़ोटो प्रदर्शनी के माध्यम से आजादी के पूरे इतिहास को क्रमबद्ध तरीके से जानकारी देना है। इस प्रर्दशनी में फोटो पैनल के जरिए भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं बिहार के नायकों के योगदान को दर्शाया गया। फोटो प्रदर्शनी में विशेष रूप से बिहार के स्वतंत्रता सेनानियों के दुर्लभ चित्र व गाथा प्रस्तुत की गई। फोटो प्रदर्शनी में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 8 साल विषय पर भी फोटो प्रदर्शनी लगाई गई।फोटो के माध्यम से बीते 8 वर्षों में केंद्र सरकार के द्वारा चलाई जा रही विभिन्न प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं कार्यक्रमों के बारे में आमजनों को जानकारियां दी गई।
मौके पर अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मानस पटल पर नित्य नया अध्याय लिख रहा है। केंद्र सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं सहित भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को लेकर लगाई गई फोटो प्रदर्शनी हमें सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर गाथा को याद दिलाता है। उन्होंने फोटो प्रदर्शनी की तारीफ की। वहीं फारबिसगंज विधायक विद्यासागर केसरी उर्फ मंचन केसरी ने दुर्लभ फोटो की लगाई गई प्रदर्शनी को युवाओं खासकर नई पीढ़ी के विद्यार्थियों को नई जानकारी दिए जाने वाला करार दिया।