बैंकों की त्रैमासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने दिए ऋण प्रकरणों के शीघ्र निपटान और सीएसआर गतिविधियों में भागीदारी के निर्देश

कोरिया 26 जून 2025/ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 25 जून को जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने की। बैठक में जिले के सभी बैंकों, नाबार्ड, कृषि, उद्यानिकी, उद्योग, ग्रामीण व शहरी आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में प्राथमिकता क्षेत्र, कृषि ऋण, लघु उद्योगों को प्रोत्साहन, स्व-सहायता समूहों के ऋण प्रकरण और वित्तीय समावेशन जैसे विषयों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने निर्देश दिए कि स्व सहायता समूहों के ऋण प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर हितग्राहियों को समय पर स्वरोजगार के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं सुलभ बनाने के लिए अधिक संख्या में बीसी सखी की नियुक्ति की जाए और वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित हों। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के तहत सभी पात्र किसानों को लाभान्वित करने पर बल देते हुए संबंधित विभागों को अधिक से अधिक प्रकरण बैंकों को भेजने के निर्देश दिए।

जनधन योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बताया कि वर्तमान में चल रहे ‘धरती आबा अभियान‘ के अंतर्गत 15 जुलाई तक सभी पात्र व्यक्तियों के जनधन खाते खोले जाएं। साथ ही 20 रुपए में होने वाली प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत सभी खाताधारकों का बीमा सुनिश्चित किया जाए।

स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्था (आरसेटी) के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि जिले में तेजी से चल रहे आवास निर्माण को देखते हुए राजमिस्त्री के प्रशिक्षण सत्रों को प्राथमिकता दी जाए। प्रशिक्षण शिविर मैदानी स्तर पर आयोजित कर जल्द से जल्द युवाओं को कुशल श्रमिक के रूप में तैयार किया जाए।

स्वास्थ्य क्षेत्र में बैंकिंग क्षेत्र की सामाजिक भागीदारी पर जोर देते हुए कलेक्टर ने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में टीबी मरीजों की पहचान की गई है। मरीजों को बेहतर उपचार और निशुल्क एक्सरे तथा नाट जांच की सुविधा दिलाने हेतु उन्होंने बैंकों से सीएसआर मद से सहयोग करने की अपील की। इस पर सभी बैंकों ने श्निक्षय मित्र योजनाश् में भागीदारी की सहमति जताई। आगामी छह माह तक बैंकों द्वारा टीबी मरीजों को 500 रुपए प्रतिमाह की दर से पोषण आहार उपलब्ध कराया जाएगा।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अग्रणी बैंक प्रबंधक, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक, नाबार्ड प्रतिनिधि सहित जिले के सभी बैंक अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

प्राकृतिक आपदा पीड़ितों के 4 प्रकरणों में वारिसों को 16 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि

Thu Jun 26 , 2025
कोण्डागांव, 26 जून 2025/ कलेक्टर श्रीमती नुपुर राशि पन्ना द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के अंतर्गत प्राकृतिक आपदा पीड़ित के 4 प्रकरणों में वारिसों को 16 लाख रुपये की आर्थिक सहायता अनुदान राशि प्रदान की गयी। कलेक्टर द्वारा कोण्डागांव तहसील के ग्राम पलारी निवासी बुधराम मरकाम की पानी में डूबने से […]

You May Like

Breaking News

advertisement