महिला आयोग की सदस्य ने महिला उत्पीड़न से संबंधित सुनीं शिकायतें

रायबरेली
रिपोर्टर विपिन राजपूत
महिला आयोग की सदस्य ने महिला उत्पीड़न से संबंधित सुनीं शिकायतें_
महिला आयोग की सदस्य ने महिलाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को जन-जन तक पहुचाने के लिए दिये निर्देश
महिला जनसुनवाई में प्राप्त हुई 13 शिकायते
रायबरेली, 04 फरवरी 2026,
उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की सदस्य पुनम द्विवेदी ने आज जिला पंचायत सभागार में महिला उत्पीड़न व उनकी समस्याओं से जुड़े मुद्दो के बारे में अधिकारियों से समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने जन सुनवाई करते हुए घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, वैवाहिक समस्या, लैंगिक भेदभाव, शिक्षा व रोजगार आदि संबंधी शिकायत सुनी। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए पीड़ित महिलाओ को शीघ्र न्याय दिलाया जाए। निर्देश दिये कि महिलाओं के उत्पीड़न व महिला से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्ध तरीके से किया जाये तथा महिलाओं से सम्बन्धित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार ग्राम पंचायत व ग्रामीण स्तर पर कराया जाये। जिन प्रकरणों में अभी कार्यवाही लंबित है उन्हें भी आयोग के संज्ञान में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देश है कि महिलाओं और बच्चों से संबंधित प्रकरणों में शीघ्र कार्रवाई की जाए। महिला जन सुनवाई के दौरान 13 शिकायत प्राप्त हुई जिन्हें शीघ्र निस्तारित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। महिला आयोग सदस्य ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं न्याय सुनिश्चित करना राज्य महिला आयोग की प्राथमिकता है और किसी भी पीड़िता के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत महिला आयोग सदस्य द्वारा उपस्थित लोगों को ‘‘बाल विवाह मुक्त भारत’’ अभियान की शपथ दिलाई गई तथा महिला कल्याण विभाग से हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन की टीम द्वारा बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की का विवाह होता है या 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह होता है तो वह बाल विवाह की श्रेणी में आता है यदि ऐसा आपके आसपास हो रहा है तो आप 1098 पर सूचित करें साथ ही बालिकाओं को सरकारी योजनाएं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना , मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, महिला हेल्पलाइन नंबर, वन स्टॉप सेंटर एवं महिलाओं से सम्बन्धित पति की मृत्यु निराश्रित महिला पेंशन योजना, 181-महिला हेल्पलाईन, उ0प्र0 रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना आदि के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।
इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी उबेर्दुरहमान, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा, जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी, जिला विधिक सेवा प्राधिकारण के अधिकारियों सहित हब फार इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन टीम से जिला मिशन समन्वयक शेफाली सिंह, जेन्डर स्पेशलिस्ट पूजा तिवारी एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।




