नगर निगम की अतिक्रमण अभियान टीम पर अतिक्रमणकारियों से मिली भगत का लगा आरोप

दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : नगर निगम के मानचित्र अधिकारी पर अवैध अतिक्रमण करने वाले अतिक्रमणकारी के साथ मिलीभगत का आरोप लगा है। इस मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने बरेली मंडल के मंडलायुक्त से पूर्व में की गई शिकायतों का हवाला देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। दरअसल ये मामला बरेली नगर निगम के सीबीगंज क्षेत्र का है, यहां के निवासी गौरव गुप्ता ने मंडलायुक्त को दिए गए शिकायती पत्र में बताया है कि नगर निगम के मानचित्र अधिकारी की पक्षपातपूर्ण कार्यवाही एवं सड़क पर अवैध अतिक्रमण से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी व्याप्त है। गौरव ने कहा है कि नगर निगम क्षेत्र में सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण एवं गलत सीमांकन के संबंध में कई बार पूर्व में भी शिकायत की जा चुकी है। इस संबंध में नगर आयुक्त को चार बार लिखित रूप से प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है तथा दो बार जनसुनवाई पोर्टल (उत्तर प्रदेश जन शिकायत निवारण प्रणाली) पर भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। लेकिन मानचित्र अधिकारी द्वारा हर बार वास्तविक अतिक्रमण की जाँच करने के बजाय गलत एवं अपूर्ण रिपोर्ट लगाकर उच्च अधिकारियों को गुमराह किया जा रहा है। गौरव का कहना है कि आश्चर्य की बात तो यह है कि जिस अधिकारी के विरुद्ध शिकायत की गई, उसी से जाँच कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी गई है, जिसमें न तो सड़क की वास्तविक चौड़ाई का मापन किया गया और न ही वास्तविक अतिक्रमणकारियों के संबंध में कोई स्पष्ट उल्लेख किया गया है। और तो और इसके विपरीत बिना किसी सही मापन एवं सीमांकन के उनके ही विरुद्ध तथ्यहीन टिप्पणियाँ कर दी गई हैं, जबकि मौके पर शिकायतकर्ता द्वारा किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं किया गया है। इस प्रकरण को लेकर गौरव गुप्ता ने मंडलायुक्त से निष्पक्ष जाँच की मांग की है। अब देखना होगा कि विभिन्न कार्यालय में शिकायतकर्ता गौरव गुप्ता द्वारा की गई शिकायत के निस्तारण न होने के बाद मंडलायुक्त कार्यालय से उनकी शिकायत का निस्तारण हो पता है या नहीं।




