Uncategorized

कुवि में 4 दिवसीय हरियाणा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का भव्य आयोजन

कुवि में 4 दिवसीय हरियाणा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का भव्य आयोजन

फिल्मी जगत की नामचीन हस्तियों की रहेगी उपस्थिति
फिल्म फेस्टिवल का आयोजन 25 से 28 मार्च, 2026 तक।

थानेसर, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 22 मार्च : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग द्वारा संस्कृति सोसाइटी फॉर आर्ट एंड कल्चरल डेवलपमेंट, कुरुक्षेत्र के सहयोग से हरियाणा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। यह फिल्म फेस्टिवल विश्वविद्यालय परिसर में 25 से 28 मार्च, 2026 तक आयोजित होगा।चार दिनों तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में विश्व सिनेमा की विविधता देखने को मिलेगी, जिसमें 38 देशों की 26 भाषाओं में बनी लगभग 80 चर्चित और प्रशंसित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह रहेगा आकर्षण का केंद्र
युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला एवं फिल्म फेस्टिवल संयोजक धर्मेन्द्र डांगी ने बताया कि फेस्टिवल का शुभारंभ 25 मार्च को प्रातः 11ः00 बजे विश्वविद्यालय के मुख्य सभागार में होगा। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होगी, जो ज्ञान और कला के प्रति भारतीय परंपरा का प्रतीक है। इसके पश्चात हरियाणवी लोक संस्कृति और राष्ट्रीय गीतों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
फिल्मी जगत की नामचीन हस्तियों की रहेगी उपस्थिति
उन्होने बताया कि इस फिल्म महोत्सव में सिनेमा, मीडिया और समाज से जुड़े कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों के शामिल होने की संभावना है। इनमें प्रमुख रूप से अनूप जलोटा, केतन मेहता, जिम्मी शेरगिल, दिव्या दत्ता, यशपाल शर्मा, विवेक अग्निहोत्री, पल्लवी जोशी, कुमुद मिश्रा, मुकेश तिवारी तथा राइमा सेन सहित कई अन्य हस्तियां शामिल होंगी।
विभिन्न श्रेणियों की फिल्मों का होगा प्रदर्शन
युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला एवं फिल्म फेस्टिवल संयोजक धर्मेन्द्र डांगी ने बताया कि फेस्टिवल के दौरान फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, एनीमेशन फिल्म, वेब सीरीज, मोबाइल फिल्म और ट्रेलर जैसे विभिन्न प्रारूपों की स्क्रीनिंग की जाएगी। कार्यक्रम दो मुख्य स्थलों मुख्य सभागार और सीनेट हॉल में समानांतर रूप से आयोजित होगा, जिससे अधिक से अधिक दर्शक फिल्मों का आनंद ले सकें।
मास्टर क्लास और चर्चाओं से मिलेगा सीखने का अवसर
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि फिल्म फेस्टिवल के दौरान विशेषज्ञों द्वारा कई महत्वपूर्ण विषयों पर मास्टरक्लास आयोजित किए जाएंगे। इनमें “न्यू इंडिया में फिल्म निर्माण की आधुनिक तकनीक”, “राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका एवं जिम्मेदारी”, “सिनेमा के माध्यम से महिला सशक्तिकरण” तथा “भारतीय सिनेमा में आध्यात्मिकता और भारतीयता” जैसे विषय शामिल हैं।
हरियाणवी और क्षेत्रीय सिनेमा को मिलेगा मंच
प्रो. पूनिया ने बताया कि फेस्टिवल में हरियाणवी फिल्मों और क्षेत्रीय सिनेमा को विशेष स्थान दिया गया है। इसके माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और संस्कृति को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
बॉलीवुड के महान कलाकार स्वर्गीय धर्मेंद्र को विशेष श्रद्धांजलि
उन्होंने बताया कि फेस्टिवल के तीसरे दिन विशेष आकर्षण के रूप में हिंदी सिनेमा के महान अभिनेता धर्मेन्द्र को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस अवसर पर उनकी लोकप्रिय फिल्में शोले और सत्यकाम का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा, जो उनके शानदार फिल्मी सफर को सम्मान देने का प्रतीक होगा।
समापन समारोह में होगा पुरस्कार वितरण
28 मार्च को आयोजित समापन समारोह में विभिन्न श्रेणियों की फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, वेब सीरीज, मोबाइल फिल्म एवं क्षेत्रीय सिनेमा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों और फिल्म निर्माताओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही विशिष्ट अतिथियों का अभिनंदन और धन्यवाद ज्ञापन भी किया जाएगा।
सांस्कृतिक और रचनात्मक संगम का मंच।
प्रो. पूनिया ने बताया कि यह फिल्म महोत्सव न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और वैश्विक सिनेमा के समन्वय का एक महत्वपूर्ण मंच भी है। यह आयोजन युवा फिल्मकारों, छात्रों और सिनेमा प्रेमियों के लिए सीखने, समझने और प्रेरणा लेने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel