Uncategorized

वात्सल्य स्कूल में विशेष बच्चों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

वात्सल्य स्कूल में विशेष बच्चों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )

बरेली : इंस्टीट्यूट ऑफ डेन्टल साइंस बरेली द्वारा Oral Health Month के अवसर पर वात्सल्य स्कूल में विशेष बच्चों के लिए एक स्वास्थ्य एवं मौखिक जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों में मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना और समय रहते दंत समस्याओं की पहचान करना था।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने बच्चों के दांतों और मसूड़ों की जांच की तथा उनके अभिभावकों और शिक्षकों को सही ब्रश करने की विधि, संतुलित आहार और दांतों की नियमित देखभाल के महत्व के बारे में जानकारी दी। विशेष बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्हें सरल और प्रभावी तरीकों से मौखिक स्वच्छता बनाए रखने के उपाय भी समझाए गए।
इसके साथ ही विशेष बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं शिक्षाप्रद गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। बच्चों ने खेल-खेल में ब्रशिंग तकनीक सीखी, चित्रकारी, रंग भरने और इंटरएक्टिव गेम्स में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से उन्हें दांतों की सफाई और अच्छे-बुरे खानपान के बारे में सरल तरीके से समझाया गया, जिससे वे सीखने के साथ-साथ आनंद भी ले सके।
डॉक्टरों ने बताया कि विशेष बच्चों में दंत समस्याएं अधिक देखने को मिलती हैं, इसलिए उनके लिए नियमित जांच और देखभाल अत्यंत आवश्यक है। इस तरह के शिविर न केवल बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अभिभावकों को भी जागरूक करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को ओरल हाइजीन किट वितरित की गई और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। यह शिविर समाज में मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel