
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र से विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना।
श्रीकृष्ण गौशाला सोसायटी में गौशाला चारा अनुदान वितरण समारोह, शिवाला रामकुंडी में रक्तदान शिविर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे शिरकत।
कुरुक्षेत्र पिपली,वरुण कौशिक/अमित 4 मई : अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इस दौरान नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाडवा की श्री कृष्ण गौशाला सोसायटी में गौशाला चारा अनुदान वितरण समारोह में हिस्सा लेंगे। इसके पश्चात लाडवा के शिवाला रामकुंडी में रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के सभागार में सशक्त महिला, सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी पहल ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के अंतर्गत बुजुर्ग श्रद्धालुओं को पवित्र तीर्थ स्थल तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ (महाराष्ट्र) के दर्शन करवाए जाएंगे। आगामी 5 मई को कुरुक्षेत्र से एक विशेष ट्रेन रवाना होगी, जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत यात्रा पूरी तरह नि:शुल्क होगी और पात्र श्रद्धालुओं को रहने व खाने सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस यात्रा का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए कुछ नियम निर्धारित किए हैं। इसके लिए आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। योजना के नियमों के अनुसार, कोई भी व्यक्ति तीन वर्षों में केवल एक बार ही इस सुविधा का लाभ ले सकता है। उन्होंने कहा कि इस रेलगाड़ी में कुरुक्षेत्र से कुरुक्षेत्र अंबाला, यमुनानगर और कैथल के श्रद्धालु शामिल होंगे। पानीपत, सोनीपत, सोनीपत, रोहतक, जींद, करनाल, फरीदाबाद और पलवल से लगभग 830 यात्री रवाना होंगे।


