
झपटमारों से मुठभेड़ में भिड़ी बिलरियागंज पुलिस, एक बदमाश घायल गिरफ्तार
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में हुई झपटमारी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया। बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 को जमीन रसूलपुर निवासी महजवीन पत्नी शादाव अहमद से बदहैला के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने पर्स छीन लिया था। पर्स में नगदी व मोबाइल फोन मौजूद था। मामले में थाना बिलरियागंज पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को बिलरियागंज पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि झपटमारी में शामिल बदमाश काले रंग की पल्सर बाइक से नसीरपुर की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश भागने लगे और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश फुजैल अहमद पुत्र अलीम निवासी कसाई मोहल्ला, बिलरियागंज के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को पहले सीएचसी बिलरियागंज और बाद में जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मौके से एक तमंचा .315 बोर, एक जिन्दा कारतूस, एक खोखा कारतूस, झपटमारी के 9800 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, एक लेडीज बैग तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरफ्तार फुजैल अहमद पर पहले से चोरी व अन्य आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुठभेड़ में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र सहित पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे।


