
मदद करना पड़ा महंगा… कुरूक्षेत्र में पता पूछने के बहाने बुजुर्ग महिला के कान से सोने की बाली खींचकर फरार हुआ स्कूटी सवार युवक

कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 9 जून : जी हाँ,धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में अमीन रोड पर स्थित शीला कॉलोनी में एक युवक की मदद करना एक बुजुर्ग महिला को उस वक्त महंगा पड़ गया,

जब उक्त स्कूटी सवार युवक बुजर्ग महिला के कानों से सोने की बाली छीनकर फरार हो गया। कुरुक्षेत्र के अमीन रोड स्थित शीला नगर निवासी मनोज गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार शाम साढ़े छः बजे के करीब उनकी 65 वर्षीय माता निर्मला देवी अपने घर के बाहर बैठी थी तभी एक स्कूटी सवार युवक आया और उनसे किसी का पता पूछने लगा, युवक की मदद के लिए उन्होंने आसपास के लोगों से भी पूछा लेकिन ऐसा कोई व्यक्ति उस काॅलोनी में था ही नहीं। इस दौरान उनकी मां ने युवक को पानी भी पिलाया लेकिन मौका पाकर वह युवक मां पर झपटा और एक कान की सोने की बाली खींच कर फ़रार हो गया। शोर मचाने पर घटना की जानकारी परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों को मिली। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई जिसकी फुटेज और आरोपी युवक की फोटो पुलिस को भी उपलब्ध करवा दी गई है।
इस घटना के बाद से कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि उनकी कॉलोनी में खाली और सुनसान पड़े प्लाटों में नशेड़ीयों का जमावड़ा लगा रहता है, हो ना हो इस घटना को उनमें से ही किसी ने अंजाम दिया है। कालोनी की महिलाओं ने पुलिस से यहां रोज़ाना गश्त लगाने की मांग की है। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस द्वारा घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरु कर दी गई है।


