
मातृभूमि सेवा मिशन के योग महोत्सव में गूंजा स्वास्थ्य, सेवा, संस्कार और राष्ट्र चेतना का संदेश

विपिन सिंह राजपूत संवाददाता
बीएसए राहुल सिंह, डीपीओ सुरेंद्र कुमार यादव व पूर्व डायट प्राचार्य जेपी सिंह ने बताया योग का महत्व
राणा बेनी माधव बक्शी पार्क में सामूहिक योग, सम्मान समारोह और पौधारोपण का आयोजन
रायबरेली। मातृभूमि सेवा मिशन इकाई रायबरेली के तत्वावधान में 12वें विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय योग महोत्सव एवं संवाद कार्यक्रम के तृतीय दिवस पर योग, सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। राष्ट्रीय ऐतिहासिक स्मारक स्थल अमर सेनानी राणा बेनी माधव बक्शी पार्क में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं भगवान योगेश्वर की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व डायट प्राचार्य जेपी सिंह ने की। बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह मुख्य अतिथि तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि राहुल सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को निरोगी बनाता है तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है। वहीं जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार यादव ने योग को मानसिक शांति, आत्मविश्वास और अनुशासित जीवन का आधार बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष पूर्व डायट प्राचार्य जेपी सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की पहचान है, जो व्यक्ति को आत्मिक शक्ति, सकारात्मक ऊर्जा और संतुलित जीवन प्रदान करता है। उन्होंने संस्कारित एवं सशक्त समाज के निर्माण में योग की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
मातृभूमि सेवा मिशन इकाई रायबरेली के संयोजक प्रदीप पाण्डेय के नेतृत्व में चल रहे योग अभियान की सराहना करते हुए बताया गया कि राणा बेनी माधव बक्शी पार्क में पिछले पांच वर्षों से वर्ष के 365 दिन निःशुल्क प्रातःकालीन योग प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है, जो समाज सेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
कटैया एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक योगाभ्यास कर विश्व योग दिवस का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मातृभूमि सेवा मिशन की ओर से मुख्य अतिथि राहुल सिंह, विशिष्ट अतिथि सुरेंद्र कुमार यादव एवं कार्यक्रम अध्यक्ष जेपी सिंह को भगवान योगेश्वर की छवि एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों, पदाधिकारियों एवं योग साधकों ने पौधारोपण किया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार गौरव अवस्थी, मनीष पाण्डेय, दुर्गेश पाण्डेय, दिनेश मिश्रा, अतुल गुप्ता, राकेश त्रिपाठी, अजय पाल सिंह, रणजीत सिंह, भारत लाल, राज अग्रहरी, अनूप, रोहित, दीपक, प्रकाश, अर्जुन, माया, सुमन, देवता दीन सहित मातृभूमि सेवा मिशन के पदाधिकारी, योग प्रशिक्षक, मातृशक्ति, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।


