
सरोवर पर फैल रही बदबू और गंदगी के कारण श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी : अशोक अरोड़ा।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 23 जून : थानेसर के विधायक अशोक अरोड़ा ने कष्ट निवारण समिति की बैठक में ऐतिहासिक ब्रह्मसरोवर की सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल खडे किए। अशोक अरोड़ा ने कहा कि ब्रह्मसरोवर पर सफाई व्यवस्था इतनी डगमगा गई है कि वहां से निकलना भी मुश्किल हो गया है। चारो ओर बदबू फैली हुई है। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड इस ओर कोई ध्यान नही दे रहा। ब्रह्मसरोवर पर चरमराई सफाई व्यवस्था के कारण वहां से निकलना भी दुभर है। 15 जून को सोमावती अमावस्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र सरोवर में स्रान करने आए थे। उस समय से लेकर आज 10 दिन हो गए केडीबी ने कोई सफाई नही करवाई। उन्होने कहा कि यह सरोवर एशिया का सबसे बड़ा व पवित्र सरोवर है, यहां पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु स्रान करने आते हैं। सरोवर पर सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है और श्रद्धालुओं को मुंह पर कपड़ा बांधकर वहां सें निकलना पड़ता है। सरोवर के पानी में दुर्गध फैली हुई है। इस पर जिला कष्ट निवारण समिति की अध्यक्षता कर रहे हरियाणा सरकार के पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण पंवार ने उपायुक्त को ब्रह्मसरोवर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। अशोक अरोड़ा ने बैठक में अंसल सुशांत सिटी के नागरिकों द्वारा उठाई गई समस्या का समर्थन करते हुए कहा कि कॉलोनाईजर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए, जिस पर मंत्री ने कॉलोनाईजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। अशोक अरोड़ा ने कहा कि जब यह क्षेत्र नगर परिषद के अंतर्गत आता है तो वहां के लोगों को सुविधा भी नगर परिषद को देनी चाहिए। वहां सफाई व्यवस्था का जिम्मा नगर परिषद संभाले व अन्य सुविधाएं भी नगर परिषद लोगों तक पहुंचाए।


