

U15 फ्रीस्टाइल 85 किलो वर्ग में थाईलैंड में लहराया परचम, सर्वोदय पब्लिक स्कूल में हुआ सम्मान
आजमगढ़, संवाददाता। पटाया, थाईलैंड में हुई U15 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में 85 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाले आजमगढ़ के पहलवान विवेक चौहान का गुरुवार को हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल में सम्मान किया गया।
स्कूल के प्रबंधक एवं जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद यादव ने विवेक चौहान को अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उनके साथ कोच एवं उपक्रीड़ा अधिकारी जयप्रकाश यादव को भी सम्मानित किया गया।
चंदौका, पठखौली निवासी विवेक चौहान पुत्र वीरेन्द्र कुमार चौहान ने प्रारंभिक प्रशिक्षण सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम आजमगढ़ में जयप्रकाश यादव व गोविंद यादव के निर्देशन में लिया। पिछले एक वर्ष से वह स्पोर्ट्स हॉस्टल गोरखपुर में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
इस अवसर पर राजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि विवेक की इस उपलब्धि से जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले ओलंपिक में भी आजमगढ़ के पहलवान पदक जीतेंगे।
समारोह में कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष विजय शंकर यादव, सचिव प्रवीण कुमार यादव, ओलंपिक संघ के सचिव अजेन्द्र राय, चंद्रिका यादव, बुझारत यादव, श्याम सुन्दर गुप्ता, भयैया लाल, लाल चन्द यादव, बलधारी चौहान, मोती यादव, राम नयन प्रजापति, धर्मेन्द्र चौहान, रण विजय चौहान, अखिलेश यादव, सत्यवान यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने विवेक को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

