
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
सह संपादक – डॉ. संजीव कुमारी दूरभाष – 9416191877
हम ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को हरियाणा में जन आंदोलन का रूप देंगे : हवा सिंह वर्मा।
हिसार, 21 जुलाई : नेचर वेलफेयर काउंसिल की पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन संवर्धन हेतु हरियाणा के चेयरमैन पद हवा सिंह वर्मा को प्रदान किया गया है। इस महत्वपूर्ण नियुक्ति की घोषणा राष्ट्रीय चेयरमैन राहुल द्विवेदी ने की।
उन्होंने बताया कि हवा सिंह वर्मा लंबे समय से समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। उनके अनुभव, समर्पण और नेतृत्व से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर हरियाणा सहित देश के विभिन्न राज्यों के कार्यकर्ताओं में अपार हर्ष की लहर देखी गई। सभी ने हवा सिंह वर्मा को बधाई देते हुए कहा कि यह कदम संगठन के लिए प्रेरणादायी सिद्ध होगा।
चेयरमैन बनने के बाद हवा सिंह वर्मा ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को देश के प्रत्येक राज्य में जनआंदोलन के रूप में चलाएंगे। उन्होंने बताया कि आगामी मानसून तक 5 करोड़ नए पेड़ लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि अब तक किए गए वृक्षारोपण कार्यक्रमों के अंतर्गत लगाए गए पेड़ों के संरक्षण और देखरेख के लिए विशेष समितियों का गठन किया जाएगा, ताकि हर लगाया गया पौधा एक सशक्त वृक्ष बन सके।
हवा सिंह वर्मा ने आगे बताया कि संगठन का दीर्घकालिक लक्ष्य है कि वर्ष 2040 तक हरियाणा प्रदेश को “नेट ज़ीरो कार्बन स्टेट” बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यह केवल एक पर्यावरणीय प्रयास नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है।
उन्होंने समस्त कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाएँ और प्रकृति संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।


