
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : जीआरएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नैनीताल रोड शाखा में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए 4 से 6 अगस्त 2026 तक तीन दिवसीय निःशुल्क छात्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं विद्यार्थी जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम श्री राम मूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ (एसआरएमएसआईएमएस), बरेली के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं परामर्श प्रदान किया।
सीनियर विंग में कक्षा 10 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन जागरूकता व्याख्यान आयोजित किए गए। 4 अगस्त को डॉ. हर्षित अग्रवाल ने सड़क दुर्घटनाओं एवं ट्रॉमा जागरूकता विषय पर जानकारी दी। 5 अगस्त को डॉ. दीपेश अग्रवाल ने कार्डियक इमरजेंसी के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं प्राथमिक उपचार के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया। समापन दिवस 6 अगस्त को डॉ. मनोज कुमार टांगरी ने कैंसर जागरूकता पर व्याख्यान देते हुए इसके कारणों, लक्षणों तथा बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
जूनियर विंग में कक्षा 1 से 3 तक के लगभग 600 विद्यार्थियों का दंत, नेत्र एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक सुझाव दिए। चिकित्सकों द्वारा तैयार किए गए प्रिस्क्रिप्शन विद्यार्थियों की स्कूल डायरी में संलग्न कर अभिभावकों तक भी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाई गई।
शिविर के प्रथम दिवस 4 अगस्त को डॉ. तनुश्री (दंत रोग विभाग), डॉ. प्रशांत चौधरी (नेत्र रोग विभाग) एवं डॉ. दिशा गुप्ता (बाल रोग विभाग) ने सेवाएं प्रदान कीं। द्वितीय दिवस 5 अगस्त को डॉ. अनुबाला शर्मा, डॉ. प्रशांत चौधरी एवं डॉ. चरेला सुरेश बाबू ने विद्यार्थियों का परीक्षण किया। समापन दिवस पर डॉ. आमना राहत, डॉ. सुनील तथा डॉ. जयति त्रिवेदी ने स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिए।
विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य रणवीर सिंह रावत एवं जूनियर विंग समन्वयक डॉ. विनीता सक्सेना ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं एसआरएमएस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, रोगों की समय पर पहचान सुनिश्चित करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सीनियर एवं जूनियर विंग के क्रीड़ा विभाग तथा एसआरएमएस टीम का विशेष योगदान रहा।


