
रायबरेली: DM सरनीत कौर ब्रोका ने ली विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक, रोस्टर के अनुसार आपूर्ति व शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
रायबरेली (10 अगस्त 2026) | रिपोर्ट: विपिन राजपूत
कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में विद्युत विभाग के कार्यों एवं आपूर्ति व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मरों की स्थिति, बिलिंग प्रणाली और उपभोक्ता शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि रोस्टर के अनुरूप हर क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार का व्यवधान आने पर संबंधित अधिकारी तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करें। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि क्षतिग्रस्त या जले हुए ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में बदला या मरम्मत किया जाए, ताकि आम जनता को गर्मी व जलभराव के मौसम में किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गलत बिलिंग पर नकेल और संवेदनशीलता की हिदायत ओवर बिलिंग और गलत बिल की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को गलत बिलिंग के चक्कर में न फंसाया जाए। यदि किसी उपभोक्ता की ओर से ऐसी शिकायत प्राप्त होती है, तो उसका तत्काल परीक्षण कर नियमानुसार समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कहा, “बिजली सीधे आमजन के दैनिक जीवन से जुड़ी सेवा है, इसलिए अधिकारी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता, पारदर्शिता और पूर्ण जवाबदेही के साथ कार्य करें।”
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अधीक्षण अभियंता अखिलेश कुमार व अविनाश पटेल, समस्त अधिशासी अभियंता (XEN), उपखंड अधिकारी (SDO) और अवर अभियंता (JE) सहित बिजली विभाग के तमाम अधिकारी उपस्थित रहे।


