
80वें स्वतंत्रता दिवस पर सीएमओ कार्यालय में शान से लहराया तिरंगा

आज 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के प्रांगण में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने ध्वजारोहण किया। उपस्थित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के पश्चात एएनएमटीसी की छात्राओं ने सामूहिक वंदेमातरम् का गायन किया।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अब्दुल अजीज, डॉ. उमाशरण पांडेय, डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द्र कुमार, डॉ. अविनाश झा, एएनएमटीसी प्रधानाचार्य प्रियंका यादव, जिला प्रशासनिक अधिकारी दिलीप प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. उमाशरण पांडेय ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के प्रत्येक कर्मचारी का दायित्व है कि वह अपने कार्यक्षेत्र में पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराए। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अब्दुल अजीज ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवा भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रियंका यादव, प्रधानाचार्य एएनएमटीसी सेंटर, कुष्ठ विभाग से श्री ब्रह्मचारी राय तथा वाहन चालक संघ के अध्यक्ष विजय पांडेय सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। एएनएमटीसी की छात्राओं ने एकल गीत, देशभक्ति गीत एवं भाषण प्रस्तुत कर कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति का भाव भर दिया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा द्वारा सम्मानित किया गया।
संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन प्रभारी प्रचार-प्रसार मनीष तिवारी ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


