





कला कीर्ति भवन में आज से पांच दिन सजेगी नाटकों की सांझ, पांच राज्यों के कलाकार दिखाएंगे अभिनय कला।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 16 अगस्त : हरियाणा कला परिषद और उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज संस्कृति मंत्रालय (भारत सरकार) द्वारा कुरुक्षेत्र में पांच दिवसीय पंचजन्य नाट्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह नाट्य महोत्सव 17 अगस्त से 21 अगस्त 2026 तक रोजाना शाम 6 बजे से भरतमुनि रंगशाला, कला कीर्ति भवन, कुरुक्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष ने दी। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों की प्रतिष्ठित नाट्य संस्थाओं द्वारा सामाजिक, ऐतिहासिक और लोक विधाओं पर आधारित पांच बेहतरीन नाटकों का मंचन किया जाएगा। नाट्य उत्सव के पहले दिन 17 अगस्त को उत्सव की शुरुआत नाटक विभाजन विभीषिका से होगी। जिसके लेखक और निर्देशक गुंजन शुक्ला हैं और इसकी प्रस्तुति समवकार संस्था, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) द्वारा दी जाएगी। वहीं दूसरे दिन 18 अगस्त को बुंदेली लोक नृत्य व नाट्य कला परिषद, सागर (मध्य प्रदेश) द्वारा नाटक नन्द नचैया का मंचन किया जाएगा। इस नाटक का लेखन विजय सोनवाने और निर्देशन संतोष रामसहाय पांडे का रहेगा। 19 अगस्त को उत्सव कला मंच, चंडीगढ़ की ओर से मानव कौल के लिखे और सार्थक सिंह के निर्देशन में नाटक इलहाम की प्रस्तुति होगी। 20 अगस्त को राजस्थान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित नाटक श्वीर तेजाजी महाराज का मंचन होगा। इसके लेखक अम्बा लाल नान्दला और निर्देशक दयाराम भांड हैं। यह नाटक कुचामणी ख्याल विकास समिति, नागौर (राजस्थान) द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। समारोह के अंतिम दिन उत्तराखंड की वीर गाथा को दर्शाता नाटक वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली मंचित होगा। ललित सिंह पोखरिया के लेखन और अनुराग वर्मा के निर्देशन में पंचम वेद क्रिएशन्स चैरिटेबल ट्रस्ट, देहरादून (उत्तराखंड) के कलाकार इस नाटक का मंचन करेगें। हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि प्रयागराज के निदेशक सुदेश शर्मा और उप निदेशक डॉ. मुकेश उपाध्याय के नेतृत्व में इस आयोजन से स्थानीय स्तर पर रंगमंच और लोक विधाओं को एक नई ऊर्जा मिलेगी।


