
भारत निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार 30 अगस्त तक चलाया जाएगा विशेष अभियान, शैक्षणिक संस्थान भी अपने- अपने संस्थानों में विद्यार्थियों को वोट बनवाने के प्रति करें जागरूक।
बेहतर कार्य करने वाले संस्थानों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर किया जाएगा सम्मानित।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 17 अगस्त : जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार 12-शाहबाद (एससी) विधानसभा क्षेत्र में नए मतदाता जोड़ने हेतु 30 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक संस्थान में पढ़ रहे योग्य अभ्यर्थियों की वोट बनाने जाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में विशेष कैंपों का आयोजन किया जा रहा है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि इस अभियान के तहत 17 अगस्त को मारकंडा नेशनल कॉलेज शाहबाद में विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इसी प्रकार 18 अगस्त को आर्य कन्या महाविद्यालय/आर्य गर्ल्स कॉलेज शाहबाद में, 19 अगस्त को आदेश मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल मोहड़ी में, 20 अगस्त को सरकार करतार सिंह हायर कॉलेज ऑफ नर्सिंग शाहबाद में, 21 अगस्त को राजकीय आईटीआई नजदीक श्री कृष्णा स्कूल दयाल नगर शाहबाद मारकंडा में, 24 अगस्त को राजकीय महिला आईटीआई नजदीक मस्तगढ़ गुरुद्वारा पुरानी सब्जी मंडी शाहबाद में, 25 अगस्त को धीमान संस्थान मेडिकल टेक्नोलॉजी शाहबाद में, 26 अगस्त को सरदार चरण सिंह घुम्मन मेमोरियल कॉलेज ऑफ एजुकेशन व महर्षि मारकंडेश्वर निजी आईटीआई खरींडवा में, 27 अगस्त को राजकीय कॉलेज चम्मू कलां व केडी सरस्वती प्राइवेट आईटीआई इस्माईलाबाद में इन विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि इस शेड्यूल के अनुसार शैक्षणिक संस्थान के प्रिंसिपल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने संस्थान में पढ़ रहे अभ्यर्थियों को वोट बनवाने के लिए प्रेरित और जागरुक करना सुनिश्चित करेंगे। संबंधित तिथियों को ऐसे अभ्यर्थी जो 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष के हो चुके है या 18 वर्ष के हो जाएंगे, अपने-अपने दस्तावेज, जिनमें उम्र का प्रमाणीकरण, मैट्रिक प्रमाण पत्र, माता-पिता का वोट कार्ड नंबर, माता-पिता के दस्तावेज जो कि आयोग द्वारा निर्धारित किए गए है और रिश्तेदार के नाम का विवरण जिसका नाम 2002 की एसआईआर लिस्ट में दर्ज हो, को साथ लेकर आना होगा।
उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए शैक्षणिक संस्थान भी अपने संस्थानों में कार्यक्रमों का आयोजन करे। जिस संस्थान द्वारा योग्य अभ्यर्थियों को वोट बनवाने हेतु अधिक संख्या में इन-रोल किया जाएगा, उस संस्थान मतदाता दिवस 25 जनवरी 2027 पर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ-साथ इन-रोल करने वाले अभ्यर्थियों के लिए लक्की ड्रा निकाला जाएगा और प्रथम और द्वितीय नंबर पर रहने वाले अभ्यर्थियों को उपहार भी प्रदान किया जाएगा।


