
पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन के कुशल मार्गदर्शन में 1 से 15 अगस्त तक चला विशेष अभियान।
भारी मात्रा में नशीले पदार्थ व नकदी बरामद, अपराधियों पर कसा शिकंजा।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 17 अगस्त : पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन के कुशल मार्गदर्शन में 1 से 15 अगस्त तक विशेष अभियान ऑपरेशन ट्रैकडाउन चलाया गया। कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा अपराध एवं नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन के कुशल मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा विशेष अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए 146 मामलों में 192 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन ने बताया कि 1 से 15 अगस्त तक विशेष अभियान ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत कुरुक्षेत्र पुलिस की टीमों ने नशीले पदार्थो की तस्करी पर शिकंजा कसा है। पुलिस टीमों ने 232.03 ग्राम हैरोइन, 47 ग्राम चरस, 73 ग्राम गांजा, 868 अफीम, 107 ग्राम चूरापोस्त, 53 बोतल शराब व 5 बोतल बियर बरामद की गई। इसके साथ-साथ 3 पिस्टल व 7 जिन्दा रौंद बरामद किये गए। उन्होंने बताया कि चोरी और लूट के मामलों में आरोपियों के खिलाफ कारवाई करते हुए लूट मामले में 5-50 लाख रूपये की नकदी, चोरी में 92 हजार 500 रूपये बरामद किये गए तथा छीनाझपटी मामले में 25 हजार रूपये कीमत के आभूषण बरामद किये गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत 4 वांछित ईनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, 15 नए अपराधियों की हिस्ट्री शीट खोली गई तथा 18 पुराने अपराधियों की हिस्ट्री शीट को अपडेट किया गया। गिरफ्तार किये गए आरोपियों में 25 आरोपी हत्या के प्रयास मामलों में शामिल रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाना और जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करना है। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार दबिश दी तथा संदिग्ध स्थानों पर विशेष चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया। पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों को काबू किया गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ तथा नकदी बरामद की गई। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ जिला पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


