
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
संवाददाता – उमेश कुमार दूरभाष – 9416191877
खाप प्रतिनिधियों ने सामाजिक एवं वैवाहिक परंपराओं से जुड़े विषयों पर सरकार के समक्ष रखे सुझाव।
कुरुक्षेत्र, 22 अगस्त : अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला, कुरुक्षेत्र में विभिन्न खापों के प्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें सामाजिक व्यवस्था को मजबूत करने, वैवाहिक परंपराओं के संरक्षण तथा मौजूदा कानूनों में आवश्यक सुधार को लेकर विस्तार से विचार- विमर्श किया गया।
बैठक में हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने विभिन्न खापों के प्रधानों एवं प्रतिनिधियों की बात ध्यानपूर्वक सुनी। इससे पहले मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में खाप प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विषयों पर चर्चा हुई थी और मुख्यमंत्री द्वारा इन विषयों पर खाप प्रतिनिधियों की बात सुनने तथा सरकार की ओर से जो भी संभव हो, उस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की जिम्मेदारी मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी को दी गई थी।
मंत्री श्री बेदी ने कहा कि कुरुक्षेत्र न्याय की धरती है और यहां न्याय एवं समाजहित की बात होनी चाहिए। समाज को स्वस्थ, मजबूत एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सामाजिक विषयों पर गंभीरता से विचार करना और आवश्यकता पड़ने पर कानूनों में सुधार करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि खाप प्रतिनिधि समाज के प्रहरी हैं और समाज को आगे बढ़ाने तथा समस्त समाज के हित की कामना करने वाले लोग हैं। इसलिए उनके द्वारा उठाए जा रहे विषय महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने खाप प्रतिनिधियों की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे समाजहित में स्वागतयोग्य पहल बताया।
श्री बेदी ने कहा कि इन विषयों पर एडवोकेट जनरल (AG) एवं कानूनी विशेषज्ञों के साथ बैठक कर कानूनी पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। विधानसभा खाप की 31 सदस्य कमेटी में विशाल सिंगला अग्रवाल समाज प्रधान, ज्ञान सिंह कसाना गुर्जर समाज प्रधान, श्री जंगीर सिंह बाल्मीकि समाज प्रधान, श्री गुरनाम सिंह सैनी समाज प्रधान, पवन शर्मा ब्राह्मण समाज प्रधान भी शामिल हैं।


