
महामंडलेश्वर स्वामी विद्यागिरि जी महाराज ने देशवासियों को दी रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं
सेंट्रल डेस्क संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दिल्ली 28 अगस्त : प्राचीन लक्ष्मीनारायण मन्दिर गीता कालोनी दिल्ली की महंत एवं अनेक राज्यों में स्थापित मठ मन्दिर आश्रमों की परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर 1008 स्वामी विद्यागिरि जी महाराज ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा हैं कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और विश्वास के पर्व के साथ साथ हमारी संस्कृति में रिश्तों की गरिमा, आपसी स्नेह, सम्मान और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है।
स्वामी विद्यागिरि जी महाराज ने कहा कि बहन द्वारा भाई की कलाई पर बांधा गया रक्षा सूत्र केवल एक धागा नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का संकल्प है। यह पर्व हमें महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां और बहनें परिवार, समाज और राष्ट्र की शक्ति हैं। उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर उन्होंने आह्वान किया कि रक्षाबंधन के अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा का संकल्प ले।

