Breaking Newsछत्तीसगढ़जगदलपुर

डिजिटल क्रॉप सर्वे और सिंचाई संगणना में बस्तर की बड़ी उपलब्धि

कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने राजस्व टीम को दी बधाई

जगदलपुर, 24 फरवरी 2026/ बस्तर जिले ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में शानदार सफलता हासिल की है। सोमवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा हॉल में आयोजित राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने जिले की इस उपलब्धि के सम्बन्ध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना डिजिटल क्रॉप सर्वे (रबी) में जिले ने 99 प्रतिशत का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है, जो कि राजस्व प्रशासन की सक्रियता का प्रमाण है। इसके साथ ही सातवीं लघु सिंचाई संगणना एवं जल निकायों की गणना के कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने पर कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष रूप से बधाई दी।
कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान इन उपलब्धियों की निरंतरता बनाए रखने के साथ-साथ अन्य राजस्व सेवाओं में भी इसी प्रकार की तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहाँ एक ओर डिजिटल हस्ताक्षर, आधार सीडिंग और त्रुटि सुधार जैसे तकनीकी कार्यों में जिला उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है, वहीं अविवादित एवं विवादित नामांतरण, खाता विभाजन और सीमांकन जैसे प्रकरणों का भी समय-सीमा के भीतर निराकरण करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में अभिलेख शुद्धता, नक्शा बटांकन, स्वामित्व योजना और स्कूली बच्चों के जाति प्रमाणपत्र निर्माण जैसे जनहितकारी कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।
  इस  बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, सहायक कलेक्टर श्री विनित दुबे सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), डिप्टी कलेक्टर और भू-अभिलेख के वरिष्ठ अधिकारी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित थे। वहीं जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में पदस्थ तहसीलदार और नायब तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा में शामिल हुए, जहां बेहतर प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों की सराहना की गई और शेष कार्यों को तेजी के साथ पूर्ण करने का संकल्प लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel