परीक्षा से पूर्व कलेक्टर श्री लंगेह ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को दिए प्रेरक संदेश
बच्चों को भावनात्मक सहयोग, विश्वास एवं सकारात्मक वातावरण दें – कलेक्टर श्री लंगेह

महासमुंद 09 फरवरी 2026/ कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी 2026 से प्रारंभ होने जा रहा हैं। इस अवसर पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के लिए प्रेरक संदेश जारी किया है।
कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा है कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण है, जिसे संतुलन, सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास के साथ पार करना आवश्यक है। यह परीक्षा विद्यार्थियों की मेहनत, अभ्यास एवं अनुशासन का मूल्यांकन करने का अवसर है, जीवन का अंतिम निर्णय नहीं है। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से शांत मन, धैर्य एवं आत्मविश्वास बनाए रखने की अपील की है। परीक्षा के दौरान समय पर विश्राम करने, संतुलित भोजन करने, अध्ययन किए गए विषयों का पुनरावलोकन करने तथा परीक्षा कक्ष में प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर उत्तर लिखने की सलाह दी गई है। साथ ही, दूसरों से तुलना कर तनावग्रस्त होने एवं अंतिम समय में नया विषय पढ़ने से बचने का आग्रह किया गया है।
कलेक्टर श्री लंगेह ने अभिभावकों से कहा है कि इस समय बच्चों को भावनात्मक सहयोग, विश्वास एवं सकारात्मक वातावरण की आवश्यकता होती है। उन्होंने घर में शांत एवं सहयोगपूर्ण वातावरण बनाए रखने, स्नेहपूर्वक अनुशासन में सहयोग करने तथा परिणाम को लेकर अनावश्यक दबाव न बनाने की अपील की गई है। शिक्षकों से अपेक्षा की गई है कि वे विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए आत्मबल बढ़ाने में सहयोग करें। विशेष रूप से कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त मार्गदर्शन एवं सकारात्मक प्रतिक्रिया देने तथा भयमुक्त वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया गया है।
कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा है कि परीक्षा अवधि में विद्यार्थियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ, मार्गदर्शन एवं सहयोग सुनिश्चित किए जाएँगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिश्रम पर भरोसा रखते हुए तनाव मुक्त होकर परीक्षा में सम्मिलित होने की अपील की है तथा सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।



