Uncategorized

यूपीएससी के परिणाम में आजमगढ़ के भाई-बहन का कमाल, 154वीं और 361वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया जिले का गौरव

आजमगढ़। बिलरियागंज ब्लॉक अंतर्गत ग्राम शान्तीपुर के मूल निवासी भाई-बहन ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त कर जनपद का नाम गौरवान्वित किया है।
ग्राम शान्तीपुर निवासी अधिवक्ता सूर्यप्रकाश उपाध्याय, जो वर्तमान में लखनऊ हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं, तथा उनकी पत्नी श्रीमती प्रतिभा उपाध्याय, जो एक इंटर कॉलेज में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं, के पुत्र आदित्यहृदय उपाध्याय ने यूपीएससी परीक्षा में 154वीं रैंक प्राप्त की है, जबकि उनकी छोटी बहन आयुषी उपाध्याय ने 361वीं रैंक हासिल कर परिवार और जनपद का नाम रोशन किया है।
शैक्षणिक उपलब्धियों के मामले में भी दोनों भाई-बहन का रिकॉर्ड बेहद उत्कृष्ट रहा है। आदित्यहृदय उपाध्याय रुड़की से बीटेक में गोल्ड मेडलिस्ट रहे हैं। वहीं आयुषी उपाध्याय ने नेशनल लॉ कॉलेज से ग्रेजुएशन में गोल्ड मेडल प्राप्त किया है।
उल्लेखनीय है कि आदित्यहृदय उपाध्याय इससे पहले भी यूपीएससी परीक्षा में चयनित होकर आईआरएस (असिस्टेंट कमिश्नर इंकम टैक्स) के पद पर कार्यरत हैं, जबकि आयुषी उपाध्याय का यह दूसरा प्रयास था, जिसमें उन्होंने शानदार सफलता प्राप्त की है।
दोनों भाई-बहन की इस उपलब्धि से पूरे जनपद और क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। क्षेत्रवासियों, शुभचिंतकों एवं परिजनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
बताया जा रहा है कि दोनों भाई-बहन का लक्ष्य अभी और ऊँचा है तथा वे आगे और मेहनत कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में चयनित होने के लिए प्रयासरत रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel