
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े पर जिला वासियों से की अपील।
थानेसर, संजीव कुमारी 26 अगस्त : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि नेत्रदान महादान है और आपकी आंखें किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में नया उजाला ला सकती हैं। एक व्यक्ति द्वारा किया गया नेत्रदान दो दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन को रोशन कर सकता है। उन्होंने 8 सितंबर 2026 तक मनाए जा रहे 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के अवसर पर जिलावासियों से नेत्रदान का संकल्प लेने का आह्वान किया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यक्ति अपने जीवनकाल में आंखें दान करने की प्रतिज्ञा ले सकता है, जबकि मृत्यु के बाद 6 से 8 घंटे के भीतर नेत्रों को सुरक्षित निकाला जाता है। इस पूरी प्रक्रिया के लिए नेत्रदाताओं या प्राप्तकर्ताओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। नेत्रदानी की मृत्यु के बाद परिजन तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र, जिला सिविल अस्पताल के नेत्रदान केंद्र, मेडिकल कॉलेज या आई बैंक से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा नागरिक हरियाणा में डायल 112 या राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1800-11-4770 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को आगे आकर इस पवित्र अभियान से जुड़ना चाहिए ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों को रोशनी मिल सके।


