
लोकेशन रायबरेली
रिपोर्टर विपिन राजपूत
्
रायबरेली: पेयजल संकट को लेकर भीषण गर्मी में धरना, ईओ ने 24 घंटे में समाधान का दिया आश्वासन
रायबरेली, रिपोर्टर विपिन राजपूत। शहर में पेयजल समस्या को लेकर समाजसेवी आशीष पाठक के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक लोगों ने राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) रोड पर धरना प्रदर्शन किया। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच आयोजित इस धरने में स्थानीय दुकानदारों, बुजुर्गों और आम नागरिकों ने हिस्सा लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
धरना प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य जीआईसी रोड पर एक पानी की टंकी स्थापित कराने तथा कई महीनों से खराब पड़े इंडिया मार्का हैंडपंप को ठीक कराने की मांग था। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस मार्ग पर एक ओर जिला चिकित्सालय और दूसरी ओर दीवानी कचहरी एवं बस स्टॉप स्थित है, जहां प्रतिदिन 10 से 15 हजार लोगों का आवागमन होता है। इसके बावजूद क्षेत्र में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है।
समाजसेवी आशीष पाठक ने बताया कि खराब पड़े इंडिया मार्का हैंडपंप की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है। अप्रैल माह में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को प्रार्थना पत्र देकर सोलर आधारित पानी की टंकी लगाने की मांग भी की गई थी, जिस पर आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। पेयजल संकट के कारण राहगीरों और दुकानदारों को मजबूरी में पानी की बोतल खरीदकर प्यास बुझानी पड़ रही है।
करीब चार घंटे तक चले धरने के बाद नगर पालिका परिषद रायबरेली के ईओ स्वर्ण सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान कराने का भरोसा देते हुए मौके पर जलकल विभाग के जेई और उनकी टीम को बुलाकर कार्य शुरू कराया। ईओ ने आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर पेयजल समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद ईओ स्वर्ण सिंह ने समाजसेवी आशीष पाठक को जूस पिलाकर धरना समाप्त कराया। इसके बाद आशीष पाठक ने अपने साथियों के साथ धरना खत्म कर दिया।
धरना प्रदर्शन में संतोष पांडेय, अखिलेश द्विवेदी, मारुत त्रिपाठी, ननकू, गुलशेर, शिवम त्रिवेदी, राजकुमार शुक्ला, राकेश, ब्रजेश अग्रहरी, सुमित, गंगादत्त, राशिद, राजेश, पीर मोहम्मद सहित दो दर्जन से अधिक नागरिक उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन:
जीआईसी रोड पर पेयजल समस्या के समाधान की मांग को लेकर धरना देते समाजसेवी आशीष पाठक एवं स्थानीय नागरिक।


