
सीएआरडीबी के अध्यक्ष सुभाष कलसाना मुख्य रूप से करेंगे कार्यक्रम में शिरकत।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 5 अगस्त : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय वन महोत्सव का 7 अगस्त को गांव अटवान की पंचायत भूमि पर पौधे रोपित कर आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सीएआरडीबी के अध्यक्ष सुभाष कलसाना मुख्य रूप से शिरकत करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाना तथा जन-जन को पौधरोपण के प्रति प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा डीडी, चेयरमैन गुरनाम सैनी, उपाध्यक्षा धूमन सिंह किरमच, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, चेयरपर्सन कंवलजीत कौर सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला के स्कूल, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों द्वारा भी इस अभियान में साथ जुडकर पौधे रोपित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन, वन विभाग, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, विद्यार्थी तथा आमजन बड़ी संख्या में भाग लेंगे। सभी अतिथियों द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों के आगमन से होगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की सहभागिता से बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने जिला वासियों से इस पर्यावरणीय जन अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की है। विभाग का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना है, जहां पेड़ होंगे, वहां जीवन मुस्कुराएगा के संदेश के साथ प्रत्येक नागरिक से इस अभियान को जन- आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया है।


