फिरोजपुर 26.01.2022 [कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता]:-
मंडल रेल प्रबंधक उत्तर रेलवे फिरोजपुर, श्रीमती सीमा शर्मा द्वारा 73वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रेलवे स्टेडियम, फिरोजपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। तत्पश्चात् राष्ट्रगान गाया गया। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया एवं तिरंगे को सलामी दी गयी। मंडल रेल प्रबंधक ने रेल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को संबोधन कर उन्हें गणतंत्र दिवस की बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक का सन्देश अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बलबीर सिंह के द्वारा पढ़ा गया। स्काउट एवं गाइड तथा बाल निकेतन विद्यालय के बच्चों द्वारा देशभक्ति गीतों के गायन ने सभी को मंत्रमुग्ध किया। इस अवसर पर बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन किया गया। रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच रस्साकशी का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरुस्कृत किया। कार्यक्रम के अंत में, उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन ने रेलवे हॉस्पिटल, फिरोजपुर को मरीजों की सुविधा हेतु 5 रूम हीटर तथा फल वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान कोविड-19 से सम्बन्धित सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।