
नवागत खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडे का पल्हनी ब्लॉक में भव्य स्वागत
आजमगढ़। विकासखंड पल्हनी में नवागत खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कलाधर पांडे के पदभार ग्रहण करने पर कर्मचारियों एवं ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर शिष्टाचार मुलाकात के दौरान उन्हें मां दुर्गा की प्रतिमा, डायरी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडे ने कहा कि सभी कर्मचारी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहें, जिससे विकासखंड पल्हनी की पहचान जनपद में और मजबूत हो। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे सभी कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे तथा किसी भी समस्या या परेशानी के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
सहायक विकास पंचायत सुनील कुमार मिश्रा ने नवागत बीडीओ का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और कर्मचारी उनके निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करेंगे।
ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की ओर से जिला अध्यक्ष सीपी यादव ने कहा कि संघ सदैव प्रशासन के निर्देशों का पालन करता रहा है और आगे भी जहां भी आवश्यकता होगी, कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया, ब्लॉक अध्यक्ष रमेश कुमार यादव, सेक्टर प्रभारी राज बहादुर चौधरी, रामाश्रय कुमार, अनिल कुमार, सुरेश गौड़, चंदन सहित अनेक कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह स्वागत कार्यक्रम 27 जून 2026 को विकासखंड पल्हनी, जनपद आजमगढ़ में आयोजित किया गया।


