यूपी में सवा दो सौ हेक्टेयर में होगी प्राकृतिक खेती : सूर्यप्रताप शाही

यूपी में सवा दो सौ हेक्टेयर में होगी प्राकृतिक खेती : सूर्यप्रताप शाही।

हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 9416191877

राज्यपाल आचार्य देवव्रत के पेट्रर्न पर मथुरा व बुंदेलखण्ड में बनेंगे प्राकृतिक खेती के माॅडल।
किसानों को बनाया जाएगा मास्टर ट्रेनर।

कुरुक्षेत्र, 29 सितम्बर : गुरुकुल कुरुक्षेत्र के प्राकृतिक कृषि फार्म की तर्ज पर अब पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में भी कृषि विभाग अपने रिसर्च सेंटर और कृषि विज्ञान केन्द्र की जमीनों पर प्राकृतिक खेती करेगा। इसमें गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत जी के प्राकृतिक कृषि माॅडल के आधार पर देशी गाय के गोबर और गोमूत्र से जीवामृत व घनजीवामृत निर्माण से लेकर बहुफसल तकनीक से फसलें उगाई जाएंगी और कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को प्राकृतिक खेती की ट्रेनिंग देकर प्रदेश के किसानों को खेती की इस पारम्परिक तकनीक से जोड़ा जाएगा। उक्त शब्द आज गुरुकुल कुरुक्षेत्र में प्राकृतिक खेती के माॅडल का अवलोकन करने पधारे उत्तर प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहे। उनके साथ गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री लक्ष्मी नारायण चैधरी, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख भी मौजूद रहे। गुरुकुल में पहुंचने पर हरियाणा के शिक्षामंत्री कंवरपाल गुज्जर ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के प्रतिनिधि के रूप में उत्तर प्रदेश से पधारे मंत्रीगण का गुरुकुल के प्रधान राजकुमार गर्ग, मुख्य अधिष्ठाता राधा कृष्ण आर्य, ओएसडी टू गर्वनर डाॅ. राजिन्द्र विद्यालंकार, निदेशक कर्नल अरुण दत्ता, प्राचार्य सूबे प्रताप, व्यवस्थापक रामनिवास आर्य, कृषि वैज्ञानिक डाॅ. हरिओम एवं डाॅ. बलजीत सहारण के साथ भव्य स्वागत किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
कृषिमंत्री शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पिछले दो वर्षों में देश के किसानों से कई बार प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान कर चुके हैं। वर्ष 2018 में गुरुकुल कुरुक्षेत्र का दौरा करने के बाद से लगातार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लगातार कृषि विभाग के आला अधिकारियों को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रहे है जिसके तहत बुंदेलखण्ड में नमामि गंगे परियोजना के तहत अब प्राकृतिक खेती की जाएगी। इसके लिए 47 स्थानों को चिन्हित किया गया है। राज्यपाल आचार्य देवव्रत जी का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि देश के किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्राकृतिक खेती माॅडल मील का पत्थर साबित होगा। गुरुकुल फार्म का दौरा करने के उपरान्त उन्होंने कहा कि पिछले दिनों हुई लगातार बरसात से उत्तर प्रदेश में 40 फीसदी गन्ना और 50 फीसदी धान की फसल गिरकर खराब हुई है मगर गुरुकुल के फार्म पर गन्ना और धान की फसल मजबूती से खड़ी है और उनमें पानी भी नहीं है, इससे स्पष्ट होता है कि प्राकृतिक खेती किसानों के लिए कितनी कारगर साबित हो सकती है। उन्होंने गुरुकुल प्रबंधक समिति से आग्रह किया कि यूपी के किसानों को प्राकृतिक खेती की तथ्यपरक जानकारी देने के लिए डाॅ. हरिओम और डाॅ. बलजीत सहारण की दो-दो दिन की कार्यशालाओं का आयोजन यूपी में अलग-अलग स्थानों पर करवाए जिससे किसान प्राकृतिक खेती के इस माॅडल की हकीकत से वाकिफ हों और उत्पादन संबंधी उनकी शंकाओं का निराकरण हो सके। इसके अलावा उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कृषि विभाग व वन विभाग के कृषि वैज्ञानिकों, अधिकारी और कर्मचारियों को गुरुकुल के ट्रेनिंग सेंटर में भेजकर पूरी ट्रेनिंग दिलवाई जाएगी ताकि वे मास्टर ट्रेनर के रूप में सीधे किसानों से मिलकर उन्हें प्राकृतिक खेती से जोड़ सकें। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को लेकर धरातल पर कार्य करने की जरूरत है।
उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चैधरी ने कहा कि सबसे अहम बात, किसानों को प्राकृतिक खेती पर किसानों का विश्वास जमे क्योंकि किसान अभी तक प्राकृतिक खेती और आॅर्गेनिक खेती में अन्तर को नहीं समझ पाया है। किसान सीधे तौर पर आॅर्गेनिक खेती और प्राकृतिक खेती को एक ही समझता है, चूंकि आर्गेनिक खेती में पहले तीन साल उत्पादन घटता है तो किसान यह सोचता है कि प्राकृतिक खेती में भी उत्पादन घटेगा और उसे यह घाटे का सौदा प्रतीत होता है जबकि हकीकत इसके विपरीत है। प्राकृतिक खेती में पहले ही साल उत्पादन बढ़ता है और यह गुरुकुल के फार्म की फसलों के आंकड़ों से स्पष्ट हो गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जल, जंगल, जमीन और जीवन बचाने का एकमात्र उपाय राज्यपाल आचार्य देवव्रत की देशी गाय पर आधारित प्राकृतिक खेती है। प्राकृतिक खेती अपनाकर ही किसान अपनी आय दोगुनी से भी अधिक बढ़ा सकता है और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के किसान की समृद्धि के सपने को साकार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यूपी, हरियाणा और पंजाब के किसान पूरे भारतवर्ष में सबसे ज्यादा मेहनती हैं अगर सही मार्गदर्शन देकर उन्हें प्राकृतिक खेती से जोड़ा जाए तो यह कृषि के क्षेत्र में नई क्रान्ति होगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में शिक्षामंत्री कंवरपाल गुज्जर ने यूपी के मंत्रीमण्डल व कृषि विभाग के आला अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान में जहरीले खा़द्य पदार्थों के सेवन से कैंसर, हार्ट अटैक जैसी बीमारियों से अस्पताल भरे पड़े हैं। इससे छुटकारा पाने का एक ही उपाय है कि बिना केमिकल और पेस्टीसाइड डाले गुणवत्तापूर्ण पौषक उत्पाद तैयार किये जाएं और यह केवल प्राकृतिक खेती से ही सम्भव हो सकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हरियाणा, पंजाब के किसान धान में तेला नामक बीमारी से परेशान है, उस पर पिछले दिनों हुई बारिश ने धान की फसल को बड़ा नुकसान पहुंचाया है मगर गुरुकुल के फार्म का अवलोकन करने के दौरान देखा गया कि उनकी धान और गन्ने की फसल न केवल मजबूती से खड़ी है बल्कि खेतों में पानी की एक बूंद भी कहीं दिखाई नहीं दी, यह चमत्कार प्राकृतिक खेती से ही हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल आचार्य देव्रवत जी का प्राकृतिक खेती मिशन एक पुनीत कार्य है, भले ही सरकार इसमें सहयोग करें मगर हम सभी को इसमें मिल-जुलकर काम करना होगा और एक सकारात्मक सोच के साथ इसे आगे बढ़ाना होगा।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत जी के ओएसडी डाॅ. राजिन्द्र विद्यालंकार जी ने आए हुए सभी अतिथियों का मंच से धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश दोनों राज्य इस दिशा में मिलकर काम करें, ऐसी राज्यपालश्री की इच्छा है और आज के कार्यक्रम में दोनों प्रदेशों के माननीय मंत्रियों के मध्य गंभीर मंथन हुआ जो प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में शुभ संकेत है। अन्त में सभी अतिथियों को गुरुकुल प्रबंधक समिति द्वारा उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

Read Article

Share Post

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Please rate

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पंचकूला रेहड़ी मार्केट के दुकानदारों को मिलेगा मालिकाना हक

Thu Sep 29 , 2022
पंचकूला रेहड़ी मार्केट के दुकानदारों को मिलेगा मालिकाना हक। हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।दूरभाष – 9416191877 मुख्यमंत्री और विधान सभा अध्यक्ष पंचकूला में आहुतियां डाल करेंगे पूरे प्रदेश के लिए योजना लांच।आगजनी से खाक हो गई थी रेहड़ी मार्केट, अब बनेगी मॉडल मार्केट।एचएसवीपी उपलब्ध करवाएगा सस्ती दरों पर भूमि, […]

You May Like

advertisement