
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 22 जून : आदेश मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मोहड़ी शाहबाद में योगा फॉर हेल्दी एजिंग थीम के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में आयोजित योग सत्र में 300 से अधिक फैकल्टी सदस्यों, रेजिडेंट्स, इंटर्न्स, मेडिकल एवं नर्सिंग विद्यार्थियों तथा अन्य कर्मचारियों ने भाग लेकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन डी.एम. एस डॉ. नरेश ज्योति द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसनों, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाते हुए बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का एक वैज्ञानिक एवं समग्र माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, अनियमित दिनचर्या और जीवनशैली से उत्पन्न होने वाली अनेक बीमारियों से बचाव के लिए योग अत्यंत प्रभावी साधन है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से स्वस्थ बनाता है। इस अवसर पर आदेश ग्रुप के चैयरमेन डॉ. एच. एस. गिल, एर. निदेशक गुरफतेह सिंह गिल, निदेशक प्रशासक डॉ. गुणतास सिंह गिल और प्रिंसिपल डॉ. एन.एस. लांबा विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। अपने संदेश में डॉ. एच. एस. गिल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य विरासत है, जिसे आज पूरा विश्व स्वीकार कर रहा है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। निदेशक एर. गुरफतेह सिंह गिल ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली किसी भी सफल समाज की आधारशिला है। योग व्यक्ति को अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक शांति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में योग जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। निदेशक प्रशासन डॉ. गुणतास सिंह गिल ने अपने संबोधन में कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल रोगों की रोकथाम में सहायक है, बल्कि कार्यस्थल पर तनाव को कम करने और जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रिंसिपल डॉ. एन.एस. लांबा ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए योग का विशेष महत्व है। योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन, एकाग्रता और कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
आदेश में योग करते डॉक्टर्स और मेडिकल स्टूडेंट्स।


