
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : सरस्वती शिशु मंदिर में छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मेहंदी प्रतियोगिता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार के प्रतिनिधि एवं अधिवक्ता श्री अनिल कुमार जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। श्रीमती श्रुति गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि आईडब्ल्यूसी ग्लोरी प्लस की चार्टर प्रेसिडेंट डॉ. मधु गुप्ता को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया।
इस अवसर पर आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा एवं रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि श्रीमती श्रुति गंगवार एवं डॉ. मधु गुप्ता ने प्रतियोगिता का निर्णयन किया तथा छात्राओं की मेहंदी डिजाइनों की सराहना की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को दोनों अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया। विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें स्वच्छता, संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में आवश्यक जानकारी एवं परामर्श दिया गया।
आईडब्ल्यूसी ग्लोरी प्लस की ओर से चार्टर प्रेसिडेंट डॉ. मधु गुप्ता ने सभी विद्यार्थियों को चॉकलेट वितरित कीं, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रबंध समिति के श्री राजन श्रीवास्तव जी एवं पूरी प्रबंध समिति, पार्षद श्री रचित गुप्ता एवं उनकी धर्मपत्नी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अतिथियों ने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम ने बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

