सांसद नवीन जिन्दल ने राज्य स्तरीय दिशा बैठक में कुरुक्षेत्र व कैथल जिले के मुद्दे उठाए

कुरुक्षेत्र/कैथल, (संजीव कुमारी) 11 फरवरी : सांसद नवीन जिन्दल ने बुधवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय दिशा (राज्य विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) बैठक में भाग लिया। इस बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में चल रही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सांसद नवीन जिन्दल ने कुरुक्षेत्र और कैथल जिले से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किस्तों का विषय रखते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को समय पर राशि मिलनी चाहिए, ताकि वे अपने आवास का निर्माण पूरा कर सकें। इसके साथ ही उन्होंने गांवों में सफाई व्यवस्था और तालाबों की स्थिति में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
सांसद नवीन जिन्दल ने टी.बी मरीजों को दी जा रही पोषण सहायता की समीक्षा करने और यह सुनिश्चित करने की बात कही कि सभी पात्र मरीजों तक समय पर सहायता पहुंचे। उन्होंने खेल सुविधाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि स्टेडियमों का बेहतर उपयोग किया जाए और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि युवा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
इसके अलावा सांसद जिन्दल ने क्षेत्र के अस्पतालों और कॉलेजों से जुड़े विकास कार्यों को भी बैठक में रखा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए, ताकि आम जनता को समय पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा, उनका प्रयास है कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक समय पर और सही तरीके से पहुंचे। जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, यही हमारी जिम्मेदारी है।



