जिला न्यायालय में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को सम्मान पत्र के साथ स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया

कोण्डागांव, 10 मार्च 2026/ छत्तीसगढ उच्च न्यायालय बिलासपुर के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय कोण्डागांव, तालुका केशकाल एवं तालुका जिला नारायणपुर में महिला दिवस मनाया गया। यह कार्यक्रम किरण चतुर्वेदी, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला न्यायालय कोण्डागांव में कार्यरत समस्त महिला कर्मचारियों का तिलक व वैच लगाकर अभिनंदन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों एवं गठित समिति द्वारा जिला न्यायालय के समस्त न्यायिक कर्मचारियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत कर सम्मान पत्र के साथ स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रेशमा बैरागी पटेल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने कहा कि महिलाएं समाज की शक्ति, प्रेरणा का स्त्रोत है तथा उनके योगदान से समाज और राष्ट्र की प्रगति संभव होती है। उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया और महिलाओं के समर्पण, परिश्रम और उपलब्धियों की प्रशंसा की। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने कहा कि महिलाऐं हमारे समाज की शक्ति है एक महिला कभी मां बनकर कभी बहन बनकर, कभी बेटी बनकर और कभी सशक्त नेता बनकर समाज को आगे बढ़ाती है। एक शिक्षित और सशक्त महिला पूरे परिवार और समाज को मजबूत बनाती है। इस कार्यक्रम में गठित समिति के अध्यक्ष रेशमा बैरागी पटेल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोण्डागांव एवं सदस्य गायत्री साय, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव व उमाकांत स्वाई, न्यायालय उपाधीक्षक एवं जिला न्यायालय के समस्त न्यायिक महिला कर्मचारीगण, प्रशासनिक अधिकारी व अन्य समस्त न्यायिक कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा महिला सशक्तिकरण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। इसके अतिरिक्त तालुका जिला नारायणपुर में पदस्थ न्यायाधीश प्रतिभा मरकाम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं तालुका केशकाल में पदस्थ न्यायाधीश सौम्या राय, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी द्वारा तालुका न्यायालय में कार्यरत समस्त महिला कर्मचारियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत कर सम्मान पत्र के साथ स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।




