राष्ट्रपति की प्रस्तावित देहरादून यात्रा की तैयारियां तेज़

उत्तराखंड देहरादून
राष्ट्रपति की प्रस्तावित देहरादून यात्रा की तैयारियां तेज़,
सागर मलिक

राष्ट्रपति सचिवालय के अतिरिक्त सचिव ने देहरादून में अधिकारियों की बैठक ली

राष्ट्रपति उद्यान सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश
राष्ट्रपति निकेतन में हॉर्स राईडिंग एरीना एवं फुट ओवर ब्रिज का निर्माण पूरा, जल्द लोकार्पण की संभावना
देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की प्रस्तावित दून यात्रा को लेकर राष्ट्रपति सचिवालय के अतिरिक्त सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने देहरादून में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में डॉ. गुप्ता ने राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर की जा रही तैयारियां की समीक्षा करते हुए कहा कि राष्ट्रपति की परिसंपत्तियों के अंतर्गत देहरादून में बनाए जा रहे राष्ट्रपति उद्यान सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों को तय समय में पूरा किया जाय।

राष्ट्रपति निकेतन में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी देहरादून डॉ. सबिन बंसल, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह, मुख्य नगर अधिकारी देहरादून श्रीमती नमामि बसंल सहित अनेक अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में राष्ट्रपति के निकट भविष्य में देहरादून के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की रूपरेखा एवं प्रेजीडेंट्स इस्टेट के भीतर संचालित परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

132 एकड़ में आकार ले रहा है अनूठा राष्ट्रपति उद्यान

राष्ट्रपति संपदाओं को “राष्ट्र का भवन” बनाने की महत्वपूर्ण पहल के चलते देहरादून में राष्ट्रपति निकेतन एवं राष्ट्रपति तपोवन की स्थापना के बाद राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण की महत्वपूर्ण परियोजना का कार्य तेजी से जारी है। 132 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में बन रहा राष्ट्रपति उद्यान के कार्यों को अगले वर्ष तक पूरा करने का लक्ष्य है।

राष्ट्रपति उद्यान की परिकल्पना सुगम्यता, सततता और सामुदायिक सहभागिता के सिद्धांतों पर आधारित है। जनसहभागिता, संस्कृति और नागरिक गौरव के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किए जा रहे इस उद्यान के भीतर थीम आधारित फूलों और वनस्पतियों के बाग, तितली गृह और पक्षीशाला, सुरम्य झील जैसे प्रमुख आकर्षण होंगे। देश का दूसरा सबसे ऊॅंचा राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ इस उद्यान की पहचान का अहम हिस्सा होगा। उद्यान में पैदल एवं साईकिल ट्रैक, सांस्कृतिक गतिविधियों हेतु आठ सौ से अधिक लोगों की क्षमता का एक मुक्ताकाशी रंगमंच, सार्वजनिक पुस्तकालय एवं फूड प्लाजा की भी व्यवस्था होगी।

राष्ट्रपति निकेतन परिसर में हॉर्स राइडिंग एरीना के रूप में एक नया आकर्षण

राष्ट्रपति निकेतन परिसर के भीतर घुड़ सवारी क्षेत्र (हॉर्स राइडिंग एरीना) का एक नया आकर्षण भी जल्द आम लोगों के अवलोकन के लिए उपलब्ध जाएगा। जहां पर आम लोग प्रेजीडेंट्स बॉडीगार्ड के घोड़ों की सवारी एवं देखभाल के तौर-तरीकों का नजदीक से साक्षात्कार कर सकेंगे। इस एरीना में राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली से प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड के 6 घोड़े लाए जा रहे हैं। यह घोड़े प्रेजीडेंट्स बॉडीगार्ड की गरिमा और परंपरा के गौरवशाली प्रतीक रहे हैं।

इन परिसरों तक आगंतुकों के सुगम व सुरक्षित पैदल आवागमन के लिए राजपुर रोड पर लोक निर्माण विभाग ( उत्तराखंड ) द्वारा फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया गया है। पारंपरिक पर्वतीय वास्तुशिल्प की छाप वाले इस फुटओवर ब्रिज पर के दोनों तरफ लिफ्ट की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। 32 मीटर लंबे तथा चार मीटर चौड़ाई वाले इस फुट ओवर ब्रिज का निर्माण छः माह के भीतर पूरा किया गया है।

राष्ट्रपति सचिवालय के जन संपर्क अधिकारी कुमार समरेश ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की आगामी प्रस्तावित यात्रा के दौरान नवनिर्मित हॉर्स राइडिंग एरीना एवं ओवर फुट ब्रिज का लोकार्पण किए जाने की संभावना है।

जनता के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन का गत 20 जून को लोकार्पण किया गया था। यह दोनों स्थल पर्यटकों एवं स्थानीय निवासियों के बीच आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। राष्ट्रपति सचिवालय के जन संपर्क अधिकारी कुमार समरेश ने बताया कि बीते चार माह में राष्ट्रपति निकेतन में 4,753 लोगों ने तथा राष्ट्रपति तपोवन में 15,567 लोगों ने भ्रमण किया। उन्होंने बताया कि निर्माणधीन राष्ट्रपति उद्यान में प्रतिवर्ष 20 लाख लोगों के आने का अनुमान है।

VV NEWS

राष्ट्रीय कार्यालय रमाकान्त पाण्डेय(गोपालपुरी) संरक्षक/संस्थापक ग्राम व पोस्ट- गोपालपुर (टावर) थाना व तहसील- मेहनगर जिला-आजमगढ़, उत्तर प्रदेश पिंन कोड़-276204 मोबाईल-9838825561,7054825561 हेंड कार्यालय/प्रशासनिक कार्यालय जितेंद्र पटेल (प्रमुख संपादक/प्रशासनिक संपादक) ग्राम व पोस्ट- 495668 थाना व तहसील-जांजगीर जिला-जांजगीर (छत्तीसगढ) पिंन कोड़-495668 मोबाईल-6265564514

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तराखंड देहरादून उत्तराखंड स्थापना रजत जयंती में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आयेंगे

Tue Oct 28 , 2025
सागर मलिक आयुक्त पाण्डेय और अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने FRI में व्यवस्थाओं का लिया जायजा देहरादून। राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती उत्सव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखण्ड आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। यह पहला अवसर है, जब प्रधानमंत्री ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन में राज्यवासियों का उत्साहवर्धन करेंगे। […]

You May Like

advertisement