
(पंजाब) फिरोजपुर 19 जुलाई [कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता]=
पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के उद्देश्य से रोटरी क्लब फिरोजपुर रॉयल द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में क्लब के सदस्यों ने रविवार को 10 नए पौधे लगाकर अपने अभियान को नई गति प्रदान की। क्लब का लक्ष्य इस माह 50 पौधे लगाने का है, जिसमें से अब तक 20 पौधे लगाए जा चुके हैं।
क्लब के प्रधान की ओर से बताया गया कि पिछले सप्ताह तक अभियान के अंतर्गत कुल 160 पौधे लगाए जा चुके थे। अब ताजा पौधारोपण के साथ यह संख्या बढ़कर 170 हो गई है। क्लब के सदस्य नियमित रूप से विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं।
क्लब सचिव विपन अरोड़ा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए पौधारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने आमजनता से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। यदि समाज का हर वर्ग इस अभियान से जुड़ेगा, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और हराभरा वातावरण तैयार किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब फिरोजपुर रॉयल का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखभाल को भी सुनिश्चित करना है, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में वृक्ष बनकर पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें।
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान क्लब सचिव विपन अरोड़ा के अलावा संदीप अग्रवाल, पंकज धवन और संदीप तिवारी भी उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया। क्लब ने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से शहर को अधिक हराभरा और प्रदूषणमुक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकेगा।


