विशेष गहन पुनरीक्षण 2026
अंतिम फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली प्रकाशित
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों की बैठक में दी जानकारी

महासमुंद 21 फरवरी 2026/ भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार जिला महासमुंद में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर 27 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ किया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सचिन भूतड़ा ने राजनीतिक दलों की बैठक में जानकारी दी कि कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय लंगेह के मार्गदर्शन में जिले में कुल 1083 बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए गए तथा मतदाताओं के मिलान एवं मैपिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। इस कार्य में जिले के कर्मचारियों, वालेंटियर्स, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बीएलए का सहयोग रहा।
निर्वाचक नामावलियों का प्रारंभिक प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया गया। इसके पश्चात 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्तियां प्राप्त की गईं तथा 14 फरवरी 2026 तक उनका निराकरण किया गया।
प्रारंभिक प्रकाशन के बाद जिले में कुल 8698 नए मतदाता पंजीकृत हुए एवं 5547 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए।
जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित अंतिम फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली की हार्डकॉपी तथा फोटो रहित निर्वाचक नामावली की ईमेज पीडीएफ की सॉफ्टकॉपी (सीडी) बैठक के दौरान प्रदान की गई।
मतदाता अपना नाम निम्न माध्यमों वेबसाइट https://ceochhattisgarh.nic.in वोटर पोर्टल https://voters.eci.gov.in, ECINET ऐप, बीएलओ के माध्यम से अथवा जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, ERO, AERO कार्यालय से जांच सकते हैं। यदि किसी मतदाता के नाम या पते में त्रुटि हो, पता परिवर्तन कराना हो अथवा नाम अन्यत्र स्थानांतरित कराना हो, तो वे फार्म-8 भरकर बीएलओ या ईआरओ को प्रस्तुत कर सकते हैं।




