Breaking Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

जिले में 09 से 18 फरवरी तक वजन त्यौहार का आयोजन

बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का वजन एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया

महासमुंद 09 फरवरी 2026/ महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में 09 फरवरी से 18 फरवरी 2026 तक वजन त्यौहार का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज सेक्टर-01, क्लस्टर विश्वकर्मा नगर शहरी परियोजना अंतर्गत वजन त्यौहार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में श्री टोमन सिंह कागजी, श्री महेन्द्र सिक्का एवं श्री शरद मराठा शामिल हुए। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा बच्चों के वजन का अवलोकन किया गया तथा वजन एवं पोषण स्तर की जांच उपरांत अतिथियों द्वारा पालकों को पोषण रिपोर्ट प्रदान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पालकगण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। इस अभियान के अंतर्गत 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर की नियमित जांच कर कुपोषण की पहचान तथा समय रहते आवश्यक उपचार एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों का शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास उज्ज्वल भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा कि जीवन के प्रारंभिक छह वर्ष बहुत ही महत्वपूर्ण है। इस अवधि में पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने से बच्चों को कुपोषण, एनीमिया एवं अन्य बीमारियों से बचाया जा सकता है। अतिथियों ने पालकों से अपील की है कि वे बच्चों का नियमित वजन कराएं, टीकाकरण समय पर करवाएं तथा घर पर स्वच्छता एवं संतुलित आहार का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से कहा कि बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य की रक्षा आप सबकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में सुपरवाईजर शीला प्रधान के मार्गदर्शन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती अंजू चंद्राकर, रूपा भारती, ललिता ठाकुर, हीना टंडवी एवं सहायिका दिनेश्वरी द्वारा बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का वजन एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वजन के साथ-साथ बच्चों की लंबाई, पोषण स्तर एवं सामान्य स्वास्थ्य स्थिति की भी जांच की गई। कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें विशेष पोषण आहार, चिकित्सा सुविधा एवं निरंतर निगरानी से जोड़ने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। कार्यक्रम के दौरान पालकों को पोषण संबंधी चार्ट, आहार तालिका एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई। साथ ही स्वच्छता, हाथ धोने की आदत, साफ पानी का उपयोग एवं नियमित टीकाकरण के लिए जागरूक किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई कि वजन त्यौहार के अंतर्गत सभी पालक अपने 0 से 6 वर्ष आयु के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को नजदीकी आंगनबाड़ी केन्द्रों में अनिवार्य रूप से लेकर आएं। वजन जांच के पश्चात कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदान की जाने वाली पोषण रिपोर्ट एवं सलाह को गंभीरता से अपनाएं। इसके साथ ही आयरन, कैल्शियम, विटामिन युक्त आहार, हरी सब्जियां, फल, दूध एवं दालों को दैनिक भोजन में शामिल करने की सलाह दी गई है। गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श लेने की भी अपील की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel