
चंडीगढ़, प्रमोद कौशिक 11 अगस्त : वॉकर बाबा अर्जन सिंह की पहली कांवड़ यात्रा मंगलवार को श्री सनातन धर्म मंदिर सभा, सेक्टर-48 C, चंडीगढ़ के अंतर्गत स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुई। वॉकर बाबा ने 3 अगस्त को ऋषिकेश से यात्रा का शुभारंभ कर श्री नीलकंठ महादेव जी को जल अर्पित करते हुए कांवड़ यात्रा का संकल्प लिया था। इसके बाद 4 अगस्त को हर की पौड़ी, हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर वे पैदल यात्रा पर निकले और 10 अगस्त को श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे।
11 अगस्त को विधि-विधान से भगवान शिव को जल अर्पित कर यात्रा का समापन किया गया।
इस अवसर पर श्री सनातन धर्म मंदिर सभा, सेक्टर-48 C के चीफ पैट्रन श्रीमान अजय कौशिक जी तथा मंदिर मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य स्वयं मौजूद रहे और उनकी उपस्थिति में पूजा- अर्चना करवाई गई। मंदिर प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं में वॉकर बाबा की पहली कांवड़ यात्रा के सफल समापन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। संयोग से यह श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर की भी पहली कांवड़ यात्रा थी, जिससे यह अवसर और भी खास बन गया। वॉकर बाबा अर्जन सिंह ने कहा कि यह यात्रा उनके लिए आस्था, संकल्प, अनुशासन और पैदल चलने के जुनून का संगम रही तथा भगवान शिव के आशीर्वाद से उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली है। मंदिर प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं ने वॉकर बाबा को सफल कांवड़ यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।


