आदेश मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में व्हाइट कोट सेरेमनी आयोजित

कुरुक्षेत्र (प्रमोद कौशिक) : मोहड़ी स्थित आदेश मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में प्रथम वर्ष के एम.बी.बी.एस. छात्रों के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी का आयोजन किया। इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम में मेडिकल छात्रों को औपचारिक रूप से चिकित्सा पेशे में शामिल किया। कुल 250 स्नातक प्रथम वर्ष के मेडिकल छात्रों ने प्रतिकात्मक सफेद कोट पहना और नैतिक, करुणामय चिकित्सा अभ्यास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुई शपथ ली। इस समारोह में 500 से अधिक अभिभावकों मौजूद रहे। जिससे यह कार्यक्रम छात्रों और उनके परिवारों के लिए एक यादगार अवसर बन गया। डा. पूनम द्वारा शपथ दिलाई गई और जिसके साथ छात्रों का भविष्य के चिकित्सा पेशेवरों के रूप मे औपचारिक रूप से स्वागत किया गया। आदेश ग्रुप के चेयरमैन डा. एच. एस. गिल और आदेश वेलफेयर सोसाइटी की महासचिव कमलदीप कौर ने छात्रों को आशीर्वाद दिया और उनके शैक्षणिक तथा पेशेवर प्रयासों में सफलता की कामना की। डा. एच. एस. गिल ने चिकित्सा की कला में निपुणता के साथ-साथ विनम्रता और शिष्टता के महत्व पर जोर दिया। आदेश ग्रुप के निदेशक गुरफतेह सिंह गिल ने छात्रों को चिकित्सा अभ्यास में प्रभावी संचार की महत्वपूर्ण भूमिका पर मार्गदर्शन दिया। मोहड़ी स्थित ए.एम.सी.एच. के निदेशक डा. गुणतास सिंह गिल ने संस्थान के विकास और भविष्य के लिए दृष्टिकोण का अवलोकन प्रस्तुत किया। प्रिंसीपल डा. एन. एस. लांबा ने सफेद कोट के महत्व और छात्रों की चिकित्सा यात्रा में आगे आने वाली जिम्मेदारियों व चुनौतियों पर बात की। समारोह के बाद अभिभावकों के साथ एक इंटरैक्टिव सत्र हुआ जिसमें उनके बच्चों की शैक्षणिक यात्रा और कैंपस जीवन को नियंत्रित करने वाले नियमों और विनियमों पर ध्यान केंद्रित किया गया। प्रिंसिपल डा. एन. एस. लांबा ने संकाय सदस्यों के साथ मिलकर रचनात्मक तरीके से अभिभावकों के प्रश्नों का समाधान किया।
व्हाइट कोट सेरेमनी में उपस्थित आदेश ग्रुप के चेयरमैन डा. एच.एस. गिल व अन्य।




